सतपाल सत्ती ने चंदेल को दी शुभकामनाएं, कहा- कांग्रेस में वो फूले फलें आगे बढ़ें (Video)

Tuesday, Apr 23, 2019 - 04:40 PM (IST)

ऊना (अमित): हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने अपने पूर्व साथी और तीन बार सांसद रहे सुरेश चंदेल के कांग्रेस में जाने पर शिष्टाचार के नाते उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वो फूले फलें आगे बढ़ें। इसके साथ ही उन्होंने चंदेल पर हमला भी बोलते हुए कहा कि हमारी लड़ाई विचारधारा के विरुद्ध है और चंदेल जिस विचारधारा के विरुद्ध लड़ते रहे। अब वो उसी विचारधारा के समर्थन में खड़े हो गए। उन्होंने बावजूद इसके अनुराग ठाकुर की जीत का दावा करते हुए चंदेल के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ने की बात कही। 

सत्ती ने सुरेश चंदेल द्वारा बीजेपी में मान सम्मान नहीं मिलने के उनके दावे पर तीखा प्रहार किया और उन्हें और उनके परिवार को बीजेपी में मिले ओहदों का जिक्र किया। बीजेपी अध्यक्ष ने चंदेल को निशाने पर लेते हुए कहा कि वो केंद्र में एग्रीकल्चर संस्था में निदेशक, बीजेपी किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं जबकि उनके एक बेटे बीजेपी युवा मोर्चा में अहम ओहदे पर हैं और दूसरे बेटे पांच महत्वपूर्व देशों ब्राजील, रूस, इंडिया, चीन, साउथ अफ्रीका की संस्था BRICS में बतौर लीगल एडवाइजर हैं। इन पदों का हवाला देते हुए सत्ती ने चंदेल को अपना मित्र बताते हुए कहा इससे ज्यादा उन्हें और क्या चाहिए?

उन्होंने खुद पर लगे प्रतिबंध के बाद फिर एक बार कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं पर तीखे प्रहार किए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बाद इस बार उनके निशाने पर रहे कांग्रेस के एक और दिग्गज नेता नवजोत सिंह सिद्धू। उन्होंने सिद्धू पर हमलावर होते हुए अपने और सिद्धू पर लगे प्रतिबंध में अंतर बताया। सत्ती ने सिद्धू पर चुनाव आयोग के प्रतिबंध का आधार देशद्रोही बातों और भाषण को बताया। हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष ने सिद्धू और कांग्रेस नेताओं की भाषा को राष्ट्र विरोधी होने का दावा किया।





 

Ekta