सतपाल रायजादा की अनूठी पहल, गरीबों में बांटा वेतन (Video)

Thursday, Aug 23, 2018 - 03:07 PM (IST)

ऊना (अमित): ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने एक अनूठी पहल की शुरूआत की है। ऊना सदर से कांग्रेस के विधायक सतपाल रायजादा ने एक अनूठी पहल के तहत अपने वेतन से मिलने वाले राशि को अपनी विधानसभा के जरूरत मन्द लोगों में वितरित किया। अपने इस चुनावी वायदे को पूरा करने के लिए उन्होंने बाकायदा एक ट्रस्ट का गठन किया और 23 अगस्त को कांग्रेस विधायक के जन्मदिन पर ब्लॉक कांग्रेस ऊना और ट्रस्ट सदस्यों द्वारा 30 चयनित लोगों को 1500-1500 रुपए के चेक वितरित किए। 

यह सहायता राशि इन लोगों को हर महीने मिलती रहेगी। जबकि आने वाले समय में और जरूरतमंद लोगो का भी चयन किया जायेगा। इसके अलावा इस  ट्रस्ट में अन्य समाजसेवियों को भी जोड़ा जायेगा ताकि उनकी सहायता से इस योजना को विशाल रूप दिया जा सके। कांग्रेस विधायक ने इसे जनसेवा का ही एक माध्यम बताया। विधायक सतपाल रायजादा की जनसेवा योजना का आगाज ऊना कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी द्वारा किया गया। 

संगठन के नेताओं ने विधायक की इस सोच को बेहतरीन बताते हुए उनके प्रयासों को सराहा। जबकि योजना की शुरूआत के लिए खुद के स्थान पर संगठन का चुनाव भी एक बड़े नेता की निशानी बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इससे संगठन को विधानसभा क्षेत्र में ओर अधिक मजबूती मिलेगी। वहीं सहायता राशि पाने वाले लोगों ने इस अनूठी पहल को शानदार बताते हुए विधायक की प्रशंसा की और चुनावी वायदे पूरे करने वाला नेता बताया।

Ekta