Hamirpur: सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट ने 8वीं बार निभाई परंपरा, महिला शक्ति को दिया सम्मान

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 08:06 PM (IST)

सुजानपुर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए महिला शक्ति को सम्मानित किया। ट्रस्ट द्वारा लगातार 8वें वर्ष आयोजित इस सम्मान समारोह का आगाज भलेठ पंचायत से किया गया, जहां क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडलों को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए नवाजा गया।

महिला सशक्तिकरण के बिना समाज का समुचित विकास संभव नहीं
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना समाज का समुचित विकास संभव नहीं है। उन्होंने ट्रस्ट के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट लंबे समय से नि:शुल्क मेडिकल कैंप, महिला उत्थान और जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनसेवा का यह सिलसिला भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगा।

PunjabKesari

500 से अधिक महिला मंडलों को मिलेगा सम्मान
इस अवसर पर ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा ने बताया कि महिला दिवस पर महिला मंडलों को सम्मानित करने की यह परंपरा आज 8वीं बार निभाई गई है। उन्होंने जानकारी दी कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में 500 से अधिक महिला मंडल सक्रिय हैं। आज से शुरू हुई इस मुहिम के तहत आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से पूरे क्षेत्र के महिला मंडलों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रम भी आयोजित होते रहेंगे।

PunjabKesari

पत्तों की प्लेटें बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समारोह में सामाजिक सरोकार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी अनूठा उदाहरण पेश किया गया। कार्यक्रम को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया और लोगों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक की थालियों की जगह पारंपरिक विकल्पों का उपयोग करें। इस पहल को बढ़ावा देने के लिए ट्रस्ट की ओर से पेड़ों के सूखे पत्तों से बनी प्लेटें भी लोगों को वितरित की गईं।

PunjabKesari

इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर स्थानीय लोगों के अलावा ब्रह्मकुमारी संस्था के गणमान्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारी डॉ. अशोक राणा, कैप्टन ज्योति प्रकाश, दिलजीत, पंडित वेद प्रकाश पाठक और डॉ. राजेंद्र पटियाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News