1 किलो 600 ग्राम चरस सहित एक गिरफ्तार

Monday, Nov 20, 2017 - 06:40 PM (IST)

सलूणी : किहार पुलिस ने एक व्यक्ति को 1 किलो 600 ग्राम चरस सहित रंगे हाथों धर-दबोचा है। जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी सुरंगानी के मुख्य आरक्षी सोम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस ने रविवार रात सुरंगानी-चम्बा सड़क मार्ग पर दवारू नाला के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान एक व्यक्ति सुरंगानी की ओर से पैदल वहां से गुजर रहा था। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को रोककर उसकी शक के आधार पर तलाशी ली तो उसके पास से 1 किलो 600 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने एन.डी.पी.एस. 20 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान चुनी लाल पुत्र रूमी लाल निवासी गांव अटाल डाकघर व पंचायत आयल तहसील चुराह जिला चम्बा के  रूप में कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस ने चुनी लाल के खिलाफ पुलिस थाना किहार में एन.डी.पी.एस. 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस ने चरस आरोपियों के खिलाफ पूरे क्षेत्र में अभियान छेड़ा है और उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
- महिंद्र मिन्हास, एस.डी.पी.ओ., सलूणी