रोहतांग के बजाय यहां Ice खेलों का आनंद उठा रहे सैलानी

Wednesday, Feb 21, 2018 - 12:28 PM (IST)

मनाली (सोनू): बर्फीली खेलों का शौक रखने वाले सैलानियों को सोलंग की बर्फ से लदी ढलानों ने न्यौता दे दिया है। पिछले दिनों हालांकि पर्याप्त बर्फबारी नहीं हुई है लेकिन सोलंग, फातरू और अंजनी महादेव में बर्फ के ढेर लगे हुए हैं। इन सभी पर्यटन स्थलों में बर्फ के खेलों की धूम मची हुई है। इन दिनों मनाली आने वाले सैलानियों को रोहतांग दर्रे में जाने की जरूरत नहीं है। सैलानी मनाली के समीप ही बर्फ का दीदार कर रहे हैं। सोलंगनाला मैदान से हालांकि बर्फ गायब होने लगी है लेकिन ढलानों में स्कीइंग खेल की धूम मची हुई है। 


इन दिनों सैलानी अंजनी महादेव में पर्याप्त बर्फबारी होने से माऊंटेन बाइक और स्नो स्कूटर जैसी साहसिक खेलों का आनंद ले रहे हैं। मनाली के एस.डी.एम. रमन घरसंगी ने बताया कि यहां आने वाले सैलानियों को आधारभूत सुविधाएं देने को प्रशासन गंभीर है। उन्होंने बताया कि सोलंगनाला सहित अंजनी महादेव सैलानियों के लिए बहाल कर दिया है। इसकी सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने हामटा पर्यटन स्थल भी बहाल कर दिया है। हामटा के लिए भी प्रतिदिन 200 पर्यटक वाहन भेजे जा रहे हैं।