सैहब कर्मचारियों की 1 मई से सामूहिक अवकाश की चेतावनी, निगम प्रशासन को दिया अल्टीमेटम

Wednesday, Apr 25, 2018 - 10:02 AM (IST)

शिमला: सैहब सोसायटी कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन को मांगें पूरी करने के लिए 30 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया है। सोसायटी ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन 30 तक कर्मचारियों की लंबित पड़ी मांगों को पूरा नहीं करता है तो 1 मई से सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। कर्मचारियों ने प्रशासन पर शोषण करने के आरोप लगाया हैं। मंगलवार को सोसायटी की बैठक अध्यक्ष जसवंत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगें पूरी नहीं होने पर सभी कर्मचारी 1 मई से सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे जिसकी जिम्मेदारी निगम की होगी। 


सोसायटी का कहना है कि प्रशासन ने कर्मचारियों से वायदा किया था कि वे जल्द ही सैहब के लिए ठोस नीति बनाएंगे लेकिन 6 महीने का समय बीत गया है अब तक कर्मचारियों के हितों के लिए कोई नीति नहीं बनाई गई है। प्रशासन कर्मचारियों का केवल शोषण कर रहा है। अध्यक्ष जसवंत सिंह का कहना है कि निगम हिटलर नीति अपनाए हुए है कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है, ऐसे में यदि प्रशासन ने निर्धारित समय के भीतर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो मई से कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों ने प्रशासन को अनशन पर बैठने की चेतावनी भी दी है।


शहर में बिगड़ी सफाई व्यवस्था
वहीं शहर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। अधिकतर वार्डों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। सांगटी, संजौली, लोअर शाखली व मजयाठ सहित कई अन्य वार्डों में डोर-टू-डोर गारबेज कलैक्शन के तहत कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है, ऐसे में आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है, ऐसे में अब कर्मचारियों के अल्टीमेटम के बाद निगम प्रशासन की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।

Ekta