दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता, सास-ससुर गिरफ्तार

Saturday, Jun 10, 2017 - 07:08 PM (IST)

हरोली: बीते शुक्रवार को हरोली के गांव पोलियां में एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को क्षेत्रीय अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस दौरान मृतका के मायके पक्ष के काफी लोग मौके पर जुटे रहे और माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मायके पक्ष ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए तंग करने का आरोप लगाया है। 



साजिश के तहत की बेटी की हत्या 
उनका आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। मृतका के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी उन्हें बताया करती थी कि वह लोग उसे दहेज के लिए तंग किया करते थे। इस बारे में डी.एस.पी. हरोली अजय राणा ने बताया कि इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतका के माता-पिता के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई करते हुए मृतका के सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। 



पंखे से लटक कर दी थी जान
बता दें कि बीते शुक्रवार को पोलियां में नवविवाहिता ने पंखे से लटक कर जान दे दी थी। मृतका की शादी जनवरी माह में हुई थी। उसका पति विदेश में नौकरी करता है तथा एक देवर विदेश तथा दूसरा फौज में नौकरी करता है जबकि ससुर स्थानीय टाहलीवाल में ही एक उद्योग में ही नौकरी करता है। बताया जा रहा है कि वीरवार रात को मृतका का ससुर रात की ड्यूटी पर चला गया। उसकी सास व देवरानी घर पर ही थीं। शुक्रवार सुबह जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आई तो घरवालों ने कमरे के दरवाजे को खटखटाते हुए खोला तो कमरे में नवविवाहिता पंखे से लटकी हुई थी।