सचिन ने लिया धर्मगुरु दलाईलामा का आशीर्वाद, म्यूजियम की रखी आधारशिला (Watch Pics)

Thursday, May 03, 2018 - 09:31 PM (IST)

धर्मशाला: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर वीरवार सुबह तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा से मुलाकात करने उनके निवास स्थान पर पहुंचे तथा उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान बी.सी.सी.आई. के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर, डी.सी. कांगड़ा सहित एच.पी.सी.ए. पदाधिकारी उनके साथ उपस्थित रहे।

इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में एच.पी.सी.ए. म्यूजियम की आधारशिला रखी, साथ ही सैंटर ऑफ एक्सीलैंस का उद्घाटन भी किया।

वीरवार को स्टेडियम पहुंचे सचिन तेंदुलकर का एच.पी.सी.ए. एकैडमी के बच्चों ने फूल भेंट कर स्वागत किया।


म्यूजियम में स्थापित होगा सचिन तेंदुलकर का स्टैच्यू 
जानकारी के अनुसार धर्मशाला स्टेडियम में बनने वाले एच.पी.सी.ए. म्यूजियम में सचिन तेंदुलकर का स्टैच्यू स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा टीम इंडिया के पूर्व कैप्टन कपिल देव और राहुल द्रविड़ सहित अनिल कुंबले के स्टैच्यू भी म्यूजियम की शोभा बढ़ाएंगे।

वहीं म्यूजियम में भारत के क्रिकेट इतिहास को दर्शाते सामान को रखा जाएगा, जिसमें टीम इंडिया द्वारा जीती ट्रॉफियां व अन्य सामग्री भी शामिल रहेगी।

सचिन ने म्यूजियम का शिलान्यास करने के उपरांत सीधे प्रशंसकों से मिलने के लिए गेट की ओर रुख किया और कई प्रशंसकों से हाथ मिलाया। वहीं उन्होंने स्टेडियम में सैल्फी भी ली। 


जिंदगी में सफलता का कोई भी शॉर्टकट नहीं 
धर्मशाला स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर ने एकैडमी के बच्चों से बातचीत में बताया कि जिंदगी में सफलता का कोई भी शॉर्टकट नहीं है, इसलिए शॉर्टकट न ढूंढें। ईमानदारी और मेहनत से अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

उसके उपरांत पत्रकारों से बातचीत में सचिन तेंदुलकर ने कहा कि एच.पी.सी.ए. स्टेडियम में जो सुविधाएं दी जा रही हैं, वैसी ही सुविधाएं अन्य स्टेडियम में भी होनी चाहिए। मैं यहां आकर खुश हूं। उभरते क्रिकेटरों के लिए एच.पी.सी.ए. बेहतरीन योगदान दे रहा है। उन्होंने एच.पी.सी.ए. पदाधिकारियों को बधाई भी दी तथा बच्चों को ऑटोग्राफ भी दिया।

Vijay