महिला की निर्मम हत्या, घर में खून से लथपथ मिली लाश

Thursday, Jun 15, 2017 - 09:04 PM (IST)

मनाली: मनाली के क्षेत्र डोभी में एक महिला की निर्मम हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई है। महिला के सिर पर लोहे की रॉड या डंडे से वार किया गया है। मृतक महिला की पहचान वंती देवी (38) पत्नी रामचंद के रूप में की गई है जोकि फोजल घाटी में नैशनल हाईवे पर स्थित डोभी में रहती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि वारदात में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। वारदात की शिकार महिला का शव अपने घर में ही खून से लथपथ मिला। पुलिस ने महिला के भाई की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

कनपटी की हड्डी टूटी, जबड़े में चोट के निशान 
पुलिस के अनुसार महिला के भाई ज्ञान चंद ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की मौत की सूचना पर जब वह वहां पहुंचा तो उसकी बहन के माथे पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक महिला की कनपटी की हड्डी टूटी पाई गई, वहीं महिला के जबड़े में चोट के निशान पाए गए हैं। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक पदम चंद ने कहा कि वारदात में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है।