मंदिर की सराय के ताले तोड़ने पर बवाल, हारियानों ने घेरा पुलिस थाना

Friday, May 11, 2018 - 11:49 PM (IST)

कुल्लू: मंगलेश्वर महादेव के हारियानों ने शुक्रवार को भुंतर पुलिस थाना घेर लिया। हारियानों का तर्क था कि उन्होंने बड़ा भूईन में मंगलेश्वर महादेव के सराय भवन में पुलिस द्वारा लगाई गई सील को तोड़ने, ताले तोड़ने व चोरी की घटना को लेकर शिकायत की थी। उस शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज करे। कुछ दिन पहले मंगलेश्वर महादेव के हारियान इसी प्रकरण को लेकर डी.सी. कुल्लू और एस.डी.एम. कुल्लू से भी मिले थे। डी.सी. कुल्लू ने उन्हें मामले को लेकर पुलिस थाना में जाने को कहा था। इस पर हारियान भुंतर पुलिस थाना में गए थे। हारियानों का कहना है कि जिन लोगों ने मंगलेश्वर महादेव के सराय भवन के ताले तोड़े हैं उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने हारियानों की शिकायत पर रोजनामचे में रपट दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।


पुलिस बारीकी से करे मामले की छानबीन
भुंतर थाना पहुंचे मंगलेश्वर महादेव के कारदार नानक चंद नेगी, पंचायत समिति सदस्य ओम प्रकाश, हारियान नीरत राम, चेत राम, धनी राम, हरि सिंह, देवराज, राम लाल व प्रताप सिंह सहित 9 दर्जन से अधिक लोगों ने बताया कि वर्ष 1999 में मंगलेश्वर महादेव के हारियानों ने बड़ा भूईन में सराय भवन का निर्माण करवाया था। इस सराय भवन के जिस प्रकार ताले व पुलिस द्वारा लगाई गई सील तोड़कर सामान आदि चुराया गया है वह गलत है। इसकी पुलिस बारीकी से छानबीन करे। वहीं डी.एस.पी. हैडक्वार्टर आशीष शर्मा ने कहा कि मंगलेश्वर महादेव के हारियान शुक्रवार को भुंतर थाना में आए थे। हारियानों की मांग पर शिकायत को रोजनामचे में दर्ज किया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।


नहीं मिला देवता का सामान तो होगा प्रदर्शन
 कारदार नानक चंद नेगी ने पुलिस को चोरी हुए सामान की एक सूची भी सौंपी है तथा पुलिस से मांग की है कि देवता के चोरी हुए सारे सामान को वापस दिलाया जाए। कारदार ने कहा कि अभी तक पुलिस व प्रशासन के समक्ष मांग लेकर सिर्फ कुछ हारियान ही आ रहे हैं। यदि सही तरीके से कार्रवाई नहीं हुई तो सैंकड़ों हारियान पुलिस व प्रशासन के समक्ष आकर मांग करेंगे और जरूरत पडऩे पर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया जाएगा।

Vijay