क्वारंटाइन किए लोगों का घर जाने को लेकर हंगामा, खाना खाने से किया इंकार

Sunday, Apr 12, 2020 - 10:41 PM (IST)

चुवाड़ी (ब्यूरो): परछोड़ में क्वारंटाइन किए लोगों के हंगामे केबीच प्रशासन मान-मन्नोवल में जुटा रहा। यहां लोगों ने खाना खाने तक से इंकार कर दिया। भटियात क्षेत्र के क्वारंटाइन केंद्रों में 14 दिन की क्वारंटाइन अवधि पूरी कर चुके लोग अब 15वें दिन घर जाने की जिद पर अड़ गए हैं। परछोड़ स्थित क्वारंटाइन केंद्र में यह मामला देखने को आया। क्वारंटाइन किए लोग न तो खाना खाने और न ही यहां रुकने को तैयार हैं। इन लोगों को प्रशासन पहले शनिवार तो फिर रविवार को घर भेजे जाने की बात कह रहा था। हालांकि प्रशासन भी प्रदेश सरकार के निर्देशों पर निर्भर है। लिहाजा इस दिशा में कोई स्पष्ट निर्देश न आने के चलते प्रशासन भी निर्णय नहीं ले पा रहा है।

सरकार के अगले निर्देशों का इंतजार कर रहा प्रशासन

उधर, मौके पर मौजूद तहसीलदार सरताज सिंह पठानिया ने बताया कि पहले प्रशासन को 14 दिन की अवधि पूरी कर चुके लोगों को घर भेजने के आदेश मिले थे जबकि ताजा आदेशों में अभी इन लोगों को घर न भेजे जाने को कहा गया है। प्रशासन इन लोगों को भेजने के लिए बसों का रूट चार्ट भी तैयार कर चुका था तथा पहले चरण में परछोड़, हटली तथा नैनीखड्ड के क्वारंटाइन केंद्रों से लोगों को भेजे जाने की योजना थी। लिहाजा एक ओर जहां सैंकड़ों क्वारंटाइन लोग घर वापसी की राह देख रहे हैं तो वहीं प्रशासन सरकार के अगले निर्देशों का इंतजार कर रहा है।

यह है पूरा मामला

कोरोना वायरस के इन हालातों में सभी निर्देश सरकार से आ रहे हैं। पहले आए निर्देशों में क्वारंटाइन अवधि को 14 से 28 दिन करने की बात सामने आई थी। इसके बाद 14 दिन का बफर क्वारंटाइन पूरा कर चुके लोगों को घरों को भेजकर 14 दिन के होम क्वारंटाइन के निर्देश आए थे। वहीं शनिवार देर शाम आए निर्देशों के अनुसार बफर क्वारंटाइन लोगों को अभी घर न भेजने के निर्देश आए हैं। लिहाजा प्रशासन भी सारे प्रकरण में लाचार नजर आता है।

आंखों से बहने लगे आंसू

तहसीलदार चुवाड़ी सरताज सिंह पठानिया जब क्वारंटाइन युवकों को समझाने में जुटे थे तो कुछ युवक रोने लगे तो और कुछ ने रुआंसे होकर अपना पक्ष रखा। युवकों ने प्रशासन के लाख मनाने पर भी खाना नहीं खाया जबकि स्थानीय परछोड़ पंचायत के प्रतिनिधि भी युवाओं को समझाते दिखे।

Vijay