पीडब्ल्यूडी में मचा घमासान, एक कुर्सी पर 2 अधिशासी अभियंता विराजमान

Tuesday, Feb 01, 2022 - 11:02 AM (IST)

कांगड़ा (किशोर) : लोक निर्माण विभाग मंडल कांगड़ा में इन दिनों 2 अधिशासी अभियंता एक कुर्सी पर विराजमान है, जिसकी चर्चा कांगड़ा तथा आसपास क्षेत्र में लोगों द्वारा की जा रही है। लोगों का मानना है कि कांगड़ा के अधिशासी अभियंता की कुर्सी पर क्या है जो अधिकारी बार-बार इस कुर्सी पर बैठना चाह रहे हैं। इस कार्यालय में कार्य कर रहे कर्मचारी भी इस असमंजस में है कि वह किन के आदेश का पालन करें। हालांकि पहले से इस पद पर विराजमान विजय वर्मा ने सोमवार को कार्यालय बैठकर कार्य निपटाए हैं। लगभग डेढ़ वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग के एक्सियन संजीव महाजन को कांगड़ा मंडल से भरमौर मंडल को तबादला कर दिया था, किंतु एक बार फिर लोक निर्माण मंडल कांगड़ा में एक्सियन विजय वर्मा की जगह हिमाचल प्रदेश सरकार ने संजीव महाजन को तैनाती कर दी है।

अधिशासी अभियंता विजय वर्मा का कहना है कि सरकार ने उनका तबादला कांगड़ा से कर दिया लेकिन अभी उन्हें मात्र डेढ़ साल में ही बदल दिया गया जिसको लेकर वह न्यायालय में चले गए हैं तथा उन्हें अब 23 फरवरी न्यायालय द्वारा डेट दी गई है। जो भी न्यायालय के आदेश होंगे, वह मान्य होंगे तब तक वह अपने कार्यालय का कार्य सुचारू रूप से चलाएंगे। वहीं एक्सियन संजीव महाजन ने कहा कि उन्होंने वीरवार सांय से लोक निर्माण मंडल कांगड़ा में अपना कार्यभार संभाल लिया है। सरकार द्वारा यहां पर कार्य करने के आदेश जारी किए हैं। विजय वर्मा को अभी कोर्ट द्वारा स्टे नहीं मिला है जिसके चलते कोर्ट के जो भी आदेश होंगे वह उनका पालन करेंगे।
 

Content Writer

prashant sharma