गर्भवती महिला सुरक्षा कर्मी की मौत पर डी.डी.यू. में हंगामा

Saturday, Jun 09, 2018 - 01:21 AM (IST)

शिमला: शिमला के क्षेत्रीय अस्पताल दीन दयाल उपाध्याय (डी.डी.यू.) में तैनात महिला सुरक्षा कर्मी की पी.जी.आई. में मौत के बाद सुरक्षा कर्मियों ने हंगामा किया। 30 वर्षीय पिंकी डी.डी.यू. में सुरक्षा कर्मी के तौर पर सेवाएं दे रही थी। बताया जा रहा है कि महिला को ब्रैन हैमरेज हो गया था, जिसके चलते उसे डी.डी.यू. अस्पताल से आई.जी.एम.सी. और बाद में पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया, जहां वह आई.सी.यू. में भर्ती थी। शुक्रवार सुबह पी.जी.आई. में ही पिंकी ने दम तोड़ दिया।


प्रशासन व ठेकेदार की लापरवाही से हुई मौत
डी.डी.यू. में तैनात जब अन्य महिला सुरक्षा कर्मियों को मौत की सूचना मिली तो उन्होंने डी.डी.यू. अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। महिलाओं के मुंह से सिर्फ इतने ही शब्द निकल रहे थे कि प्रशासन व ठेकेदार की लापरवाही से महिला की मौत हुई है। गुस्साई महिलाओं ने इस दौरान ठेकेदार व प्रशासन पर छुट्टी न देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर पिवंकी को भी समय से छुट्टियां दी जातीं तो शायद उसकी जान बच जाती। पिंकी गर्भावस्था में थी, जिसकी वजह से उसे ड्यूटी करने में भी दिक्कत आ रही थी। महिला सुरक्षा कर्मियों ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि उन्हें अस्पताल में सुविधा मिले और ठेकेदारी प्रथा बंद करें।     


कंपनी के अंडर काम करती हैं सुरक्षा कर्मी
डी.डी.यू. अस्पताल में महिला सुरक्षा कर्मी एक कंपनी के अंडर काम करती हैं व उन्हें मात्र 6500 रुपए वेतन मिलता है।  अस्पताल की तरफ से उन्हें आऊटसोर्स पर रखा गया है, ऐसे में प्रशासन ने पहले अपना पल्ला झाड़ दिया है कि हमने पहले ही कंपनी से बात की है कि सुरक्षा कर्मियों को सुविधा मिलनी चाहिए। सवाल तो यह है कि जिस कंपनी के अंडर महिलाएं काम कर रही हैं उन्होंने तो यह पहले ही तय किया है जो अस्पताल प्रशासन से हमें ऑडर मिले हैं उसके तहत काम करवाया जाता है। प्रशासन व कंपनी दोनों एक दूसरे पर सुविधा देने को लेकर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन यह लापरवाही सुरक्षा कर्मियों पर भारी पड़ रही है।


हमारे पास नहीं आई कोई शिकायत : एम.एस.
डी.डी.यू. अस्पताल की एम.एस. रंजना राव ने बताया कि हमने सुरक्षा कर्मियों का जिम्मा एक कंपनी को दिया है। सुरक्षा कर्मियों को आऊटसोर्स पर रखा गया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई भी कोताही नहीं बरती जा रही है। छुट्टी न मिलने को लेकर महिला सुरक्षा कर्मियों की हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। अगर इस तरह की शिकायत आती है तो उस पर कार्रवाई होगी। 


अस्पताल में रखी शोक सभा
डी.डी.यू. अस्पताल प्रशासन ने महिला की मौत होने पर शोक सभा रखी। इस दौरान प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मौन रखा और महिला की आत्मा को शांति मिलने की कामना की।

Vijay