यहां हुई RSS की गुप्त बैठक, जानिए किन मुद्दों पर हुआ मंथन

Tuesday, Feb 19, 2019 - 09:22 PM (IST)

बिलासपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुसांगिक विभिन्न संगठनों की बैठक बिलासपुर के निहाल सैक्टर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर कन्या उच्च विद्यालय निहाल में सम्पन्न हुई। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई यह बैठक शाम करीब 5 बजे तक चली। इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद शांता कुमार, राम स्वरूप शर्मा, वीरेंद्र कश्यप, अनुराग सिंह ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्रीय प्रांत प्रमुख रामेश्वर दास व प्रांत संघ चालक वीर सिंह रांगड़ा विशेष रूप से मौजूद रहे। इस बैठक में संघ से जुड़े विभिन्न बोर्डों व निगमों के अध्यक्ष भी मौजूद थे। यह बैठक इतनी गुप्त थी कि बैठक स्थल के भवन के बाहर ही मुख्यमंत्री के सुरक्षा कर्मियों को भी रोक दिया गया तथा मीडिया की भी एंट्री पूरी तरह बंद थी।

सरकार की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल

बैठक में प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर भी कुछ सवाल उठे व इस बात को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि सरकार इन संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करके ही अपने कार्य को अंजाम दे ताकि आपस में किसी प्रकार का कोई मनमुटाव न रहे। हालांकि इस बैठक बारे कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि इस बैठक में प्रदेश सरकार व संगठन तथा संघ के विभिन्न संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने को लेकर चर्चा की गई तथा इस बाबत जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। यह बैठक हर साल होती है लेकिन बैठक के अंदर होने वाली बातों को लेकर कोई भी नेता कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि इस बैठक में आगामी चुनावों को लेकर भी चर्चा हुई है।

संघ ने अपने स्तर पर भाजपा की तैयारियों को जांचा

बैठक में संघ ने अपने स्तर पर प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा की तैयारियों को जांचा। बताया जा रहा है कि बैठक में चुनावों में आने वाली दिक्कतों के साथ-साथ संघ ने प्रदेश सरकार, संगठन व विधायकों के कामकाज के तरीकों का भी विश्लेषण किया। आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लोकसभा चुनावों को बहुत गंभीरता से ले रहा है तथा किसी भी प्रकार की कोई ढील नहीं देना चाहता।

संघ ने सरकार को जारी किए  दिशा-निर्देश

बैठक में सरकार को संघ की तरफ से कुछ दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। बैठक के बाद सांसद शांता कुमार, राम स्वरूप शर्मा, वीरेंद्र कश्यप व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सहित अन्य कई लोग वहां से चले गए जबकि इसके बाद करीब आधा घंटा जयराम ठाकुर, सतपाल सिंह सत्ती, संगठन मंत्री पवन राणा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्रीय प्रांत प्रमुख रामेश्वर दास व प्रांत संघ चालक वीर सिंह रांगड़ा के बीच अलग से वार्ता भी हुई है।

सत्ती ने टिप्पणी करने से किया इंकार

बताया जा रहा है कि इस बैठक में भाजपा व सरकार द्वारा लोकसभा चुनावों को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा भी की गई। इस बारे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि यह भाजपा व संघ तथा इसके अनुसांगिक संगठनों की बैठक थी। उन्होंने कहा कि यह बैठक हर साल होती है लेकिन उन्होंने इस बारे में कुछ भी बोलने से मना कर दिया।

Vijay