एस.डी.एम. ने रोहतांग राइडर बाइक रैली को हरी झंडी दिखा किया रवाना

Sunday, Mar 18, 2018 - 11:01 AM (IST)

मनाली : एस.डी.एम. मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि रोहतांग राइडर पर्यटन, पर्यावरण और स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर लोगों को जागरूक करना जरूरी है। एस.डी.एम. शनिवार को मनाली के बुरूआ में रोहतांग राइडर संस्था मोटर बाइक रैली को हरी झंडी देने के बाद राइडर्ज को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि लोग पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीरता दिखाएं। एस.डी.एम. ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि चालक सुरक्षित ढंग से रैली में भाग लें। उन्होंने कहा कि सड़क में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में चालक यातायात के नियमों का पालन करें।

रोहतांग राइडर संस्था 4 सालों से रैली का आयोजन करती आ रही
रोहतांग राइडर संस्था के अध्यक्ष ज्ञालसन ठाकुर ने कहा कि पर्यटन, पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए रोहतांग राइडर संस्था मोटर बाइक रैली का आयोजन कर रही है। उन्होंने बताया कि यह रैली मनाली से कांगड़ा के बीड़ रविवार को पहुंचने पर समाप्त होगी। ज्ञालसन ने बताया कि रैली के साथ मैडीकल टीम भी शामिल है। बीड़ में बाइकरों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। रविवार शाम को वॉन फायर के जरिए बाइकरों की थकान मिटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि रोहतांग राइडर संस्था बीते करीब 4 सालों से इस रैली का आयोजन करती आ रही है।

स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का बीड़ा 
रैली के दौरान न केवल पर्यटन, पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है बल्कि संस्था के सदस्य सैलानियों को लाहौल-स्पीति के पर्यटन स्थलों की जानकारी भी मुहैया करवा रहे हैं। संस्था के संयोजक रिगजिन समफेल हायरप्पा ने बताया कि लाहौल के तोद घाटी के युवाओं ने पर्यटन, पर्यावरण तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी संस्था केलांग से काजा, केलांग से म्याड़, सिस्सू से शिंकुला दर्रा और मनाली से बरोट वैली तक इस तरह के रैली करवा चुके हैं। उन्होंने बताया कि रैली में हिमाचल के अलावा देश के कोने-कोने से बाइकर शामिल हुए हैं।

Punjab Kesari