रोहतांग का सफर होगा आसान, जल्द चलेंगी इलैक्ट्रिक बसें

Wednesday, May 03, 2017 - 12:08 PM (IST)

कुल्लू: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के प्रवेश द्वार रोहतांग दर्रा को प्रदूषण मुक्त करने की सरकार तथा प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। एन.जी.टी. के सख्त आदेशों के बाद परिवहन निगम जून माह में इलैक्ट्रिक बसें चलाएगा। पर्यटकों को रोहतांग पहुंचाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि यह मार्ग यातायात के लिए बहाल हो चुका है लेकिन पर्यटकों को अभी यहां घूमने के लिए जून माह तक इंतजार करना पड़ेगा। इसके अलावा सी.एन.जी. बसों को चलाने के लिए प्रशासन के पास अभी तक जानकारी नहीं है। प्रदूषण रहित इन बसों को चार्ज करने के लिए मनाली स्थित आलू ग्राऊंड में निगम ने एक स्टेशन बनाने का प्रबंध कर लिया है। आर.एम. कुल्लू पवन शर्मा ने कहा कि रोहतांग के लिए 25 इलैक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इस माह के अंत तक बसें कुल्लू पहुंचने की उम्मीद है।  


निगम करेगा रोहतांग मार्ग का ट्रायल
कुल्लू में करीब 6 माह बाद निगम की बस सेवा जल्द शुरू होगी। रोहतांग मार्ग यातायात के लिए बहाल हो गया है। ऐसे में निगम बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है। निगम के अधिकारी बुधवार को लाहौल व मनाली की ओर से दर्रा का जायजा लेंगे। बस चलने योग्य मार्ग उपयुक्त है या नहीं इसके लिए निगम के अधिकारी मार्ग का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि बुधवार को निगम के अधिकारी रोहतांग के दोनों ओर से मार्ग का जायजा लेंगे तथा इसके बाद ही बस सेवा बहाल की जाएगी।