शिमला में ठंड से 3 की मौत

Wednesday, Jan 11, 2017 - 08:50 PM (IST)

शिमला/रोहड़ू: शिमला जिला में ठंड से 3 लोगों की मौत हो गई। इसमें 1 मौत शिमला व 2 रोहड़ू क्षेत्र में हुई हैं। पहले मामले में नेपाली मूल के एक युवक की शिमला में मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आई.जी.एम.सी. भेज दिया है। मृतक व्यक्ति की आयु 23 से 25 वर्ष आंकी जा रही है। सूचना के अनुसार संबंधित व्यक्ति का शव खलीनी के साथ लगते बिहार गांव के गगल नाले में पड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि नाले में पड़े पत्थरों में पांव फिसलने के चलते वह गिर गया और ठंड से उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस खलीनी में रहने वाले नेपाली मूल के व्यक्तियों से संपर्क कर रही है।  

रोहड़ू में 2 लोगों की मौत
दूसरे मामले में रोहड़ू क्षेत्र में बीते रोज ठंड के कारण 2 लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक शव रोहड़ू के अणु क्षेत्र के पास मिला जिसकी पहचान 40 वर्षीय देवासिंह नेपाली मूल के रूप में हुई है। दूसरा शव रोहड़ू के खदराला के समीप 45 वर्षीय खुशीराम का बरामद हुआ है। इनकी मौत ठंड के कारण हुई बताई जा रही है। डी.एस.पी. कमल किशोर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर अस्पताल में रखा गया है। मामले की जांच जारी है।