कुल्लू व रामपुर में खिसकीं चट्टानें, लोगों ने भागकर बचाई जान

Friday, Feb 22, 2019 - 11:25 PM (IST)

कुल्लू/रामपुर बुशहर: हिमाचल प्रदेश में खिसकती चट्टानें कहर बरपाने लगी हैं। कुल्लू जिला की पार्वती घाटी के छिंजरा गांव में शुक्रवार को अचानक पहाड़ी दरक गई। इससे कई भीमकाय चट्टानें, पत्थर, मलबा गांव की ओर लुढ़का। गांव में लोगों ने घरों से भागकर जान बचाई। गांव में पूर्व में भी इसी प्रकार चट्टानें गिरी थीं। उसके बाद गांव के लोगों ने गांव के ठीक पीछे एक खाई खोदी थी, जिससे पहाड़ी से गिरने वाली चट्टाने उस खाई में गिरती रहती थीं। अब फिर से पहाड़ी से गिर रही चट्टानों ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। शुक्रवार को पहाड़ी से गिरी चट्टानों की वजह से लोगों के घरों तक पत्थर पहुंचे।

मलबे से भर गई 4 बीघा जमीन

छिंजरा में गिरी चट्टानों से रोशनी देवी की 4 बीघा जमीन भी मलबे से भर गई है। सेब व अन्य फलों के पौधे भी टूट गए। लोगों ने बताया कि पहाड़ी में 4 भीमकाय चट्टानें गिरने के कगार पर हैं। कुल्लू के डी.सी. यूनुस ने कहा कि अधिकारियों की टीम को इलाके में भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

पहाड़ी खिसकने एन.एच.-5 बाधित

वहीं शिमला जिला के रामपुर के पास सफेद ढांक की पहाड़ी खिसकने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 बाधित हो गया है। इसकी वजह से करीब 3 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। एन.एच. को दुरुस्त करने के लिए मात्र 2-3 मजदूर ही पत्थर हटाते देखे गए।

Vijay