रामपुर के क्याओ में गिरीं चट्टानें, 200 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत (Video)

Saturday, Sep 15, 2018 - 03:14 PM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): शिमला जिला के तहत रामपुर उपमंडल के क्याओ पंचायत क्षेत्र में चट्टानों के नीचे आने से 200 से अधिक भेड़-बकरियां मारे जाने का समाचार है। घटना की सुचना मिलते ही राजस्व, पुलिस और पशुपालन विभाग की टीमें  मौके पर पहुंच गईं हैं। प्रारम्भिक सूचना के अनुसार शुक्रवार सायं क्याओ के समीप भेड़ पालक भेड़-बकरियां चरा रहे थे कि अचानक ऊपर से चट्टानें टूट कर गिर गईं। इस घटना में 23 स्थानीय  लोगों की 224  मवेशी चपेट में आ गए।

बताया जा रहा है कि भेड़ पालक एक किनारे में थे जिससे वे चट्टानों की चपेट में आने से बचे। प्रारम्भिक सूचना के अनुसार संत राम की 22 भेड़ें , गोपाल सिंह की 25, प्रकाश चंद की 20, अनु लाल की 8, मोहन लाल और सुंदर सिंह की 6-6, बद्दूर सिंह और बीरबल सिंह की 7-7,मोहन मेहता की 6, राजेंद्र सिंह की 7, शोभा राम की 6, जगदीश चंद की 7, धर्म सुख की 6, शै राम की 13, तारा चंद की 8, पीपलू राम की 13, रामदस की 17, जवाहर सिंह की 10, सुमित्रा देवी की 9, संजम छेरिंग की 6, अनूप राम की 5, जयचंद और मैहर सिंह की 6-6 भेड़ -बकरियां मारी गईं।

तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। कितने मवेशी मारे गए पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नुक्सान का आकलन किया जा रहा है।

Vijay