डल्हौजी में सेवानिवृत्त अधिकारी से लूटपाट, हजारों रुपए छीनकर 2 युवक फरार

punjabkesari.in Monday, May 20, 2019 - 08:49 PM (IST)

डल्हौजी: पर्यटन स्थल डल्हौजी में सोमवार को एक व्यक्ति से दिन-दहाड़े ही लूट को अंजाम दिया। पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार निचली लोहाली गांव के निवासी प्रेम लाल जोकि वन विभाग से वन परिक्षेत्र अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त है। सोमवार को पुलिस थाना डल्हौजी के नीचे स्थित पी.एन.बी. बैंक में पैसे निकलवाने के लिए आया था। प्रेम लाल ने बैंक से 35 हजार रुपए निकलवाए थे, जिनसे कि उन्होंने कांगड़ा में अपनी आंखों का ऑप्रेशन करवाना था।

2 युवकों ने सुनसान स्थान पर बनाया शिकार

प्रेम लाल पैसे निकलवाने के बाद सदर बाजार से होकर गुजरने वाले पैदल रास्ते से अपने घर की ओर जा रहा था। जब वह श्मशानघाट के नजदीक सुनसान स्थान पर पहुंचा तो 2 युवकों ने अचानक उसके साथ धक्का-मुक्की की और उससे पैसे छीनकर फरार हो गए। प्रेम लाल ने पुलिस थाना डल्हौजी पहुंचकर अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी, जिस पर पुलिस जांच में जुट गई है। शहर में दिन-दहाड़े हुई इस घटना से लोग काफी दहशत में हैं।

सलाखों के पीछे होंगे आरोपी

एस.पी. चम्बा डॉ. मोनिका ने बताया कि सेवानिवृत्त अधिकारी की शिकायत पर जांच की जा रही और पुलिस को कई सुराग मिले हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकडकर सलाखों के पीछे पहुंचा देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News