लुटेरे दे रहे थे वारदात को अंजाम, किराएदार की खुल गई आंख और फिर....

Thursday, Mar 09, 2017 - 05:14 PM (IST)

गगरेट: पंजाब नैशनल बैंक की शाखा घनारी में स्थित ए.टी.एम. को काटकर लुटेरों ने एक बार फिर से रुपए लूटने का प्रयास किया। ए.टी.एम. के पास रह रहे एक किराएदार की आंख खुलने के कारण लुटेरे इस लूट में असफल रहे और वहां से भाग गए। गगरेट पुलिस भी इस मामले के बाद मुस्तैद हो गई लेकिन लुटेरे पुलिस गिरफ्त में नहीं आ सके। गगरेट पुलिस ने लुटेरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार रात्रि करीब 11 बजे लुटेरे एक वाहन में सवार होकर आए। वे अपने साथ गैस कटर भी लाए थे। 

रात के समय बंद रहता है ए.टी.एम.
पी.एन.बी. का उक्त ए.टी.एम. रात के समय बंद रहता है लेकिन लुटेरों ने पहले शटर के ताले काटे और अंदर जाकर बिजली सप्लाई बंद कर दी। उन्होंने ए.टी.एम. में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों पर भी सफेद पदार्थ का स्प्रे कर दिया और गैस कटर की मदद से ए.टी.एम. को काटना शुरू कर दिया। ए.टी.एम. को मुंबई से भी मॉनीटर किया जा रहा था और अचानक संपर्क टूटने पर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी जिस पर तत्काल गगरेट पुलिस को सूचित किया गया। 

लुटेरों ने नकाब से ढके हुए थे चेहरे
उधर, ए.टी.एम. से आ रही आवाजों के चलते ए.टी.एम. के साथ रह रहे एक किराएदार की आंख खुल गई और जब उसने टॉर्च जलाकर देखा तो लुटेरे घबरा गए और तत्काल वाहन सहित गगरेट की ओर फरार हो गए। किराएदार के अनुसार लुटेरों ने नकाब से मुंह ढके हुए थे और वह भी घबरा गया और वाहन का नम्बर नहीं पढ़ पाया। घटना के बाद गगरेट पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। 

लुटेरों की तलाश जारी 
पुलिस ने पंजाब की ओर जाने वाले होशियारपुर मार्ग पर हिमाचल की सीमा तक वाहनों की तलाश भी की लेकिन वह वाहन नहीं मिल पाया जिसमें लुटेरे फरार हुए थे। पुलिस ने गगरेट में लगाए सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज भी खंगाली लेकिन कोई भी गाड़ी नहीं दिखी। डी.एस.पी. अम्ब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि बैंक अधिकारियों के अनुसार कैश सुरक्षित है। मामला दर्ज कर लिया गया है और लुटेरों की तलाश जारी है।