उद्योग में सुरक्षा कर्मियों को बंधक बना 200 किलो तांबा लेकर लुटेरे फरार

Thursday, May 31, 2018 - 07:06 PM (IST)

मानपुरा: औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में बंद पड़े उद्योग युरेका फोरवस लिमिटेड में बुधवार रात 8 लोगों ने ड्यूटी पर तैनात गनमैन समेत 4 सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर उद्योग में लगे ट्रांसफार्मर से 200 किलो तांबा व अन्य सामान चुरा लिया। इस दौरान लुटेरों ने गनमैन व एक अन्य सुरक्षा कर्मी को बुरी तरह से घायल कर दिया, जिन्हें काठा स्थित ई.एस.आई.सी. अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जबकि 2 अन्य सुरक्षा कर्मियों को भी चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।


लुटेरों ने गनमैन की 12 बोर बंदूक छीनकर दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 3 बजे 7-8 लोग 2 इनोवा गाडिय़ों में आए व उद्योग की दीवार फांदकर उद्योग में घुस गए। उन्होंने पहले गनमैन सोविया राम व अन्य सुरक्षा कर्मी अशोक कुमार को पकड़ा और उन्हें डंडों से लहूलुहान कर रस्सी से बांध दिया। इस दौरान उन्होंने गनमैन की बंदूक छीन ली। शोर सुनकर उद्योग में तैनात 2 अन्य सुरक्षा कर्मी भी वहां पहुंच गए। लुटेरों ने उन्हें भी बंदूक दिखाकर डंडे मारे व उद्योग के बाथरूम में बंद कर दिया। इसके  बाद उन्होंने उद्योग के ट्रांसफार्मर में लगा लगभग 200 किलो तांबा निकाला व वहां से फरार हो गए। लूट की इस घटना में गनमैन सोविया राम व अन्य सुरक्षा कर्मी बुरी तरह से घायल हो गया। लुटेरों ने उनकी टांगों व हाथों को तोड़ दिया ताकि वे उनके पीछे भाग न सकें जबकि 2 अन्य सुरक्षा कर्मियों रतन चंद व रवि कुमार को थोड़ी चोटें आई हैं। 


2 दिन पहले भी किया था प्रयास
हैरानी की बात यह है कि ये लोग 29 मई की रात को भी उद्योग में आए थे। उद्योग के अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 29 मई की रात को 7 लोग उनके उद्योग में घुस आए थे। उस समय उद्योग में मात्र 2 सुरक्षा कर्मी तैनात थे। एक सुरक्षा कर्मी ने उद्योग में कुछ आवाजें सुनीं तो वह देखने गया कि आखिर ये आवाजें कहां से आ रही हैं। जैसे ही उसने टॉर्च मारी तो 3 लुटेरों ने उसे पीछे से पकड़ लिया व रस्सी से बांधकर नीचे बिठा दिया। 20-25 मिनट तक जब सुरक्षा कर्मी वापस नहीं आया तो उद्योग में दूसरा कर्मी उसे देखने के लिए आया तो देखा कि वह रस्सी से बंधा पड़ा हुआ है। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिस पर लुटेरे सारा सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए। उद्योग प्रबंधकों ने 30 मई को इसकी शिकायत बरोटीवाला थाना में दी थी व उद्योग में एक गनमैन व 3 सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे।


जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे लुटेरे
डी.एस.पी. खजाना राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। सुरक्षा कर्मियों के बयान कलमबद्ध किए गए हैं। लुटेरों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना में गनमैन सोविया राम पुत्र दसाऊं राम निवासी चम्बा व अशोक कुमार पुत्र लाल बाबू प्रसाद को चोटें आई हैं। उन्हें ई.एस.आई.सी. अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 

Vijay