इस अस्पताल के बाहर से हटाई रेहड़ियां, मचा हड़कंप

Saturday, Sep 28, 2019 - 05:07 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल) : क्षेत्रीय अस्पताल के बाहर लगने वाली रेहड़ियों को नगर परिषद ने शुक्रवार को हटा दिया है। उपायुक्त ने नगर परिषद को यहां से रेहड़ियां हटाने के आदेश दिए थे। इस कार्रवाई से रेहड़ी धारकों में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि अस्पताल प्रशासन ने कुछ समय पहले उपायुक्त को शिकायत की थी कि यहां पर क्षेत्रीय अस्पताल के बाहर लगी रेहड़ियां शाम के समय अहातों में तब्दील हो जाती हैं। यह रेहड़ी वाले रात के समय यहां आने वाले मरीजों, अस्पताल स्टाफ व अन्य लोगों के साथ गाली-गलौच व अभद्र व्यवहार करते हैं।

इसके कारण रात के समय ड्यूटी देने वाले अस्पताल के महिला स्टाफ व चिकित्सकों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया था। इस शिकायत की कापी नगर परिषद को भी भेजी गई थी। इस पर नगर परिषद ने पिछले दिनों यहां रेहड़ियों द्वारा किया गया अतिक्रमण हटाया था और उनका सामान भी उठाया था। गौर हो कि रेहड़ी को चलते-फिरते रहने के लिए लाईसेंस दिया जाता है न कि एक स्थान पर बने रहने का। यह रेहड़ियां पिछले लंबे समय से यहां पर जमी हुई थी और रेहड़ी के आसपास भी अतिक्रमण किया गया था। इससे यहां सड़क भी संकरी हो गई थी।

उपायुक्त के आदेशों के बाद शुक्रवार को नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए यहां से रेहड़ियों को उठाया। यहां पर 4 रेहड़ियां स्थापित थी। नप कर्मचारियों ने इनमें से 3 को उठा दिया है, जबकि एक रेहड़ी का मालिक काम से बाहर गया हुआ था और वापस आने पर उसे भी यहां से रेहड़ी हटाने के लिए कहा जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने उपायुक्त को यहां रेहड़ी धारकों द्वारा रात के समय हुड़दंग मचाने की शिकायत की थी। इसके बाद यहां से शुक्रवार को रेहड़ियों को हटा दिया गया है। रेहड़ी वालों के चलने-फिरने के लाईसेंस हैं और वह एक स्थान पर स्थाई नहीं रह सकती।

Edited By

Simpy Khanna