अम्ब-ऊना NH के पास दर्दनाक सड़क हादसा: कार के उड़े परखच्चे, 5 लोग जख्मी

Tuesday, Feb 26, 2019 - 12:41 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): अम्ब-ऊना हाईवे पर पड़ते पक्का भरो में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोग जख्मी हो गए। गंभीर हालत में घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने एक को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 11:30 बजे अम्ब से ऊना की तरफ जा रही एक कार खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे तक उड़ गए। इस दौरान लोगों ने कार में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। 

बताया जा रहा है कि कार के आगे अचानक नील गाय आ जाने के चलते चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधा खड़े ट्रक से जा टकराई। इस सडक हादसे में अवतार सोनी (30) पुत्र कश्मीर चंद निवासी भंजाल, नरेश कुमार (26) पुत्र मलकीयत सिंह निवासी अठवां, शिव कुमार (28) पुत्र बरियाम सिंह निवासी कुठेड़ा, रमन कुमार (28) पुत्र बालू राम निवासी कुठेड़ा, अतुल खान (21) पुत्र मीत मोहम्मद निवासी अम्बोटा जख्मी हुए हैं। इनमें शिव कुमार की हालत नाजुक देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर किया गया है। थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ekta