RM डरा-धमका कर लेते हैं काम, छुट्टी पर कैसे जाएं चालक-परिचालक

Thursday, Dec 14, 2017 - 01:09 AM (IST)

शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम में चालक-परिचालकों के प्रतिपूरक अवकाश लैप्स होने पर निगम कर्मचारियों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। निगम ड्राइवर यूनियन ने निगम निदेशक से सवाल किया है कि चालकों और परिचालकों को छुट्टी नहीं देने पर निगम के आर.एम. पर अब तक क्या कार्रवाई की गई है। यूनियन का आरोप है कि निदेशक ने छुट्टियों के मामले में अपना पल्ला झाड़ते हुए उलटे कर्मचारियों को ही दोषी ठहराया है। यूनियन के प्रांतीय प्रधान सत्य प्रकाश शर्मा, चेयरमैन मान सिंह ठाकुर सहित अन्य ने आरोप लगाए हैं कि जब निगम का कोई भी कर्मचारी संबंधित आर.एम. एवं अन्य अधिकारी के पास छुट्टी मांगने के लिए जाते हैं तो उन्हें डरा-धमका कर काम लिया जाता है और छुट्टी न देते हुए वापस काम पर जाने का दबाव बनाया जाता है। 

कर्मचारियों का शोषण करने में लगा है निगम प्रबंधन
यूनियन का कहना है कि निगम निदेशक ने जब 2016 में ही फील्ड स्टाफ को हर महीने छुट्टी काटने के निर्देश दिए थे तो अब छुट्टी न देने वाले आर.एम. पर क्या कार्रवाई की गई है। यूनियन का आरोप है कि निगम प्रबंधन पूरी तरह से कर्मचारियों का शोषण करने में लगा है। आज तक के इतिहास में इससे पूर्व कभी भी कर्मचारियों के प्रतिपूरक अवकाश समाप्त नहीं किए गए लेकिन इन दिनों कर्मचारियों को पूरी तरह से मानसिक प्रताडऩा का शिकार बनाया जा रहा है। यूनियन का आरोप है कि प्रदेश भर में फील्ड स्टाफ कर्मचारियों के प्रतिपूरक अवकाश डरा-धमका कर समाप्त किए गए हैं, लेकिन अब इस मामले में जल्द सख्त निर्णय लिया जाएगा।  

तथ्यों के साथ पूरी जानकारी दे प्रबंधन 
यूनियन का कहना है कि निगम ड्राइवर यूनियन ने प्रशासनिक ट्रिब्यूनल में जाने का निर्णय जरूर लिया है, लेकिन इस संबंध में अभी तक याचिका दायर नहीं की गई है। यूनियन का कहना है कि निगम प्रबंधन ट्रिब्यूनल की आड़ में कर्मचारियों को गुमराह कर रहा है और प्रबंधन को बजाय कर्मचारियों को गुमराह करने के तथ्यों के साथ पूरी जानकारी देनी चाहिए।

इसी माह पूरा करेंगे प्रतिपूरक अवकाश
यूनियन ने ऐलान किया है कि निगम का फील्ड स्टाफ अब हर माह हर हाल में अपने प्रतिपूरक अवकाश पूरा करेगा। यूनियन का कहना है कि इस माह 27 दिसम्बर को सभी कर्मचारी अपने प्रतिपूरक अवकाश पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब निगम में फील्ड स्टाफ का प्रत्येक कर्मचारी हर माह अपनी छुट्टी कटवाएगा और प्रबंधन द्वारा दिए गए धोखे का शिकार नहीं होगा।