गहरी खाई में गिरी आल्टो कार, भाई-बहन की दर्दनाक मौत

Monday, May 29, 2017 - 10:28 AM (IST)

रिकांगपिओ: किन्नौर में राष्ट्रीय उच्चमार्ग-5 पर ठोपन गर्म पानी के समीप एक दर्दनाक हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। बताया जाता है कि लाबरंग गांव से रिकांगपिओ जा रही एक आल्टो कार गहरी खाई में गिरने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे 2 की मौत हो गई जबकि 1 घायल हो गया जिसका क्षेत्रीय चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। गाड़ी में एक महिला सहित 3 लोग सवार थे जोकि गांव लाबरंग जिला किन्नौर के बताए जा रहे हैं।



मृतक रिश्तेदारी में थे भाई-बहन
हादसे के बाद तीनों घायलों को पी.एच.सी. चिकित्सालय सकिब्बा ले जाया गया जहां जोगिंद्र सिंह (23) पुत्र अशोक कुमार की मौत हो गई जबकि 2 घायलों जितेन देवी (25) पुत्री अशोक कुमार तथा निहाल सिंह (19) पुत्र राजेश कुमार को क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ लाया गया जहां पर जितेन देवी की मौत हो गई जबकि निहाल सिंह का क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ में उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि मृतक रिश्तेदारी में भाई-बहन थे। पुलिस के मुताबिक वाहन अशोक कुमार का है। एस.पी. किन्नौर रोहित मालपानी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है तथा पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिए हैं।