BRO से की मिन्नतें, नहीं बनी बात तो जबरन रोहतांग टनल में घुसे 80 लाहौलवासी

Tuesday, Nov 20, 2018 - 04:28 PM (IST)

मनाली: दिनभर इंतजार करने के बाद लाहौल के लोगों के सब्र का बांध टूट गया। लोग सुबह से रोहतांग टनल के नॉर्थ पोर्टल में मनाली आने को बी.आर.ओ. से आग्रह कर रहे थे। इन लोगों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। इन सभी ने रात 9 बजे तक माइनस तापमान में भी मन मारे रखा और बी.आर.ओ. से मनाली ले जाने का आग्रह करते रहे। बात बनती न देख लोगों ने पैदल ही रोहतांग सुरंग को पैदल पार करना शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार रात पौने 10 बजे के करीब जब बी.आर.ओ. ने उन्हें मनाली आने की अनुमति नहीं दी तो वे बी.आर.ओ. से झगड़ पड़े। लगभग 80 लोगों ने झगड़ा कर पैदल ही रोहतांग टनल को पार करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि वे लोग रात 11 बजे तक टनल के अंदर ही थे। 

नॉर्थ पोर्टल पर रोका था कृषि मंत्री का काफिला 
लाहौल उदयपुर निवासी अनिल ठाकुर ने बताया कि 9 बजे तक उन लोगों से बात हो रही थी लेकिन उसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय इन लोगों ने कृषि मंत्री के काफिले को भी नॉर्थ पोर्टल पर रोका था और मनाली आने का आग्रह किया था। अनिल ने बताया कि मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उन्हें टनल से मनाली भिजवाने की वह व्यव्स्था करेंगे। अनिल ने बताया कि बी.आर.ओ. भी इन लोगों को टनल से भेजने का आश्वासन देता रहा लेकिन रात पौने 10 बजे तक बात बनती न देख वे लोग पैदल ही टनल से मनाली की ओर चल पड़े।

Ekta