ददाहू में कार दुर्घटनाग्रस्त, 7 लोग घायल

Monday, Nov 07, 2022 - 12:01 AM (IST)

श्री रेणुकाजी (नरेंद्र): अंतर्राष्ट्रीय रेणुकाजी मेले के दौरान ददाहू के निकट एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कारण उसमें सवार 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तत्काल ददाहू अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नाहन रैफर कर दिया गया। घायलों में महिला व बच्चे भी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल घायलों को ददाहू अस्पताल लाया गया, जहां घायलों का उपचार किया जा रहा है। घायलों में कोई भी बयान देने की स्थिति में नहीं है, ऐसे में यह पता लगा पाना मुश्किल हो गया है कि ये लोग कहां के रहने वाले हैं। इतना पता चल पाया है कि ये लोग अंतर्राष्ट्रीय रेणुकाजी मेले में आए थे और यहां से लौटते हुए हादसा हो गया। दुर्घटना से कुछ देर पहले यह लोग एक जगह रुके जहां इन्होंने जलपान किया और उसके कुछ देर बाद ही यह हादसा हो गया। ऐसा भी माना जा रहा है कि ये लोग रास्ता भटक जाने के कारण किसी अन्य मार्ग पर चले गए।

जहां यह हादसा हुआ वहां पुलिस विभाग घटना की जानकारी जुटाने में लगी है। थाना प्रभारी रंजीत राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि वाहन हादसे में कुल 7 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें ददाहू अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय नाहन रैफर कर दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में 2 लोग गाड़ी से बाहर गिर गए थे, जिनका बाद में पता चला। उसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Content Writer

Kuldeep