CM ने दिया भरोसा, Gun Licence फीस की होगी समीक्षा

Sunday, Jan 22, 2017 - 09:15 AM (IST)

कांगड़ा: हिमाचल में गन लाइसैंस नवीनीकरण शुल्क बढ़ोतरी को कम करने के मामले पर सरकार विचार करेगी और इसकी समीक्षा की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शनिवार को धर्मशाला में राजपूत कल्याण बोर्ड की बैठक में कही। उन्होंने राज्य में गरीब वर्ग को विभिन्न योजनाओं के लाभ उपलब्ध करवाने की मांग पर भी विचार करने का आश्वासन दिया। सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए वार्षिक आय सीमा 20 हजार रुपए से बढ़ाकर 35 हजार रुपए की है। 3.87 लाख पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। सीएम ने जवाली उपमंडल की शहीद अजीत सिंह लाहरू-मरियाना-मेलाला सड़क के निर्माण के लिए 9.60 लाख रुपए स्वीकृत किए। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल, कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया, वन मंत्री श्री ठाकुर सिंह भरमौरी, मुख्य सचिव वीसी फारका मौजूद रहे।


पात्र लोगों को दी जा रही पैंशन
मुख्यमंत्री ने राजपूत समुदाय द्वारा देश की सीमाओं पर दिए गए बलिदान व योगदान को याद करते हुए कहा कि समुदाय का समृद्ध इतिहास उच्च परम्पराओं व मूल्यों से सराबोर है। इस समुदाय की समाज के विकास व उत्थान में भी अग्रणी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समाज के उत्थान के लिए अनेक नीतियां व कार्यक्रम आरम्भ किए गए हैं और गत चार वर्षों के दौरान प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अर्जित करने के लिए वार्षिक आय सीमा को 20 हजार रुपए से बढ़ाकर 35 हजार रुपए किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पैंशन के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों के 3.87 लाख पात्र लोगों को पैंशन दी जा रही है।