कुमारहट्टी हादसे में मारे गए 13 सैनिकों के परिजनों को 52 लाख की राहत राशि जारी

Tuesday, Jul 23, 2019 - 10:06 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): जिला सोलन प्रशासन ने कुमारहट्टी हादसे में मारे गए 13 सैनिकों के परिजनों को 52 लाख रुपए की राहत राशि जारी कर दी है। सेना ने 19 जुलाई को जिला  प्रशासन को 13 सैनिकों के स्थायी पते की सूची दी थी। जिला प्रशासन ने पश्चिम कमांड के कमांडर इन चीफ लैफ्टिनैंट जनरल सुरेंद्र सिंह को राहत राशि के चैक सौंपे। डी.सी. सोलन के.सी. चमन और एस.डी.एम. रोहित राठौर राहत राशि के ये चैक देने के लिए सैन्य क्षेत्र डगशाई स्वयं गए। पश्चिम कमांड के कमांडर इन चीफ लैफ्टिनैंट जनरल सुरेंद्र सिंह भी वहां पर आए हुए थे। प्रशासन ने सैनिकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की राहत राशि जारी की है। ये सभी सैनिक आसाम राइफल के थे, जिनकी पोस्टिंग डगशाई में थी।

भरभरा कर गिर गया था 4 मंजिला भवन

बता दें कि 30 सैनिक  अपने जे.सी.ओ. की पदोन्नति की खुशी में कुमारहट्टी-नाहन रोड पर सैहल ढाबे में खाना खाने के लिए रुके थे। अभी खाना शुरू ही किया था कि अचानक 4 मंजिला भवन भरभरा कर गिर गया। इस हादसे में महिला समेत 14 सैनिकों की मौत हो गई थी। इस हादसे में मारे गए 13 में से 7 सैनिक आसाम के थे जबकि मणिपुर के 3, हरियाणा के 2 और उत्तर प्रदेश के एक सैनिक ने इस हादसे में अपनी जान गंवाई थी।

क्या बोले एस.डी.एस. सोलन

एस.डी.एम. सोलन रोहित राठौर ने बताया कि डी.सी. सोलन के.सी. चमन ने सैन्य क्षेत्र डगशाई में पश्चिम कमांड के कमांडर इन चीफ  लैफ्टिनैंट जनरल सुरेंद्र सिंह को हादसे में मारे गए 13 सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली कुल 52 लाख रुपए की राशि के चैक  दिए हैं। अब सेना द्वारा 4-4 लाख रुपए की राशि मृतक सैनिकों के परिजनों को जारी की जाएगी।

Vijay