अस्पताल में इंजैक्शन के रिएक्शन से रैफर बच्ची की PGI में मौत, माहौल तनावपूर्ण

Thursday, Oct 24, 2019 - 12:57 PM (IST)

बड़सर: हमीरपुर जिले के सिविल अस्पताल बड़सर में इंजैक्शन लगाने के बाद कई मरीजों को रिएक्शन होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। इनमें से रैफर की गई एक बच्ची की मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस घटना के उपरांत सिविल अस्पताल में बवाल हो गया है। स्थिति को बिगड़ता देख अस्पताल में पुलिस को तैनात किया गया है। इस घटना के उपरांत मरीजों व परिजनों में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश पैदा हो गया है। क्षेत्र के लोगों में पैदा हुए रोष व बढ़ते तनाव के मद्देनजर बड़सर पुलिस ने अस्पताल परिसर व चिकित्सकों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है।

जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल बड़सर में दाखिल एक दर्जन मरीजों की इंजैक्शन लगने से अचानक तबीयत खराब हो गई। चिकित्सकों द्वारा जांच करने पर पाया गया कि उन्हें इंजैक्शन के उपरांत रिएक्शन हुआ है जिस पर उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि बाकी मरीजों की स्थिति में सुधार हो गया जबकि एक बच्ची की तबीयत उल्टी आते ही बिगड़ गई। उसकी हालत बिगड़ते ही उसे पहले ऊना रैफर किया गया, जहां से तबीयत बिगड़ती देख उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया लेकिन बुधवार को बच्ची ने पी.जी.आई. में दम तोड़ दिया है। पीड़ित बच्ची ज्योली देवी पंचायत के बटारली गांव के राजेश कुमार की पुत्री थी। बच्ची की मौत की खबर इलाके में पहुंचते ही माहौल गमगीन हो चुका है।

लोगों द्वारा अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस संदर्भ में बी.एम.ओ. बड़सर एच.आर. कालिया का कहना है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की तबीयत इंजैक्शन लगाने के बाद अचानक बिगड़ गई। एक बच्ची को पी.जी.आई. रैफर किया गया था जिसकी मौत हो गई है जबकि बाकी मरीजों की हालत खतरे से बाहर है। डी.एस.पी. बड़सर जसवीर सिंह ठाकुर का कहना है कि अभी किसी के विरुद्ध कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। छानबीन जारी है। बड़सर अस्पताल को पुलिस द्वारा घेराबंदी कर कवर किया गया है।
 

Ekta