रविंद्र रवि ने माफिया राज व लचर कानून व्यवस्था पर घेरी कांग्रेस

Wednesday, Nov 22, 2017 - 12:41 AM (IST)

देहरा: पूर्व मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि ने राज्य में कांगे्रस के दोबारा सत्ता में आने के दावों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा का स्पष्टï बहुमत से सरकार बनाना सुनिश्चित है। उन्होंने देहरा में बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य की जनता बखूबी जानती है कि गत 5 वर्षों के दौरान राज्य में कितना विकास हुआ और कानून व्यवस्था व आर्थिक स्थिति का क्या हाल था, ऐसे में लोगों के समर्थन का दावा करना महज कल्पना ही हो सकता है। पूर्व मंत्री ने कहा कि कथित माफिया राज व लचर कानून व्यवस्था से जूझ रहे राज्य के लोगों ने प्रदेश में सुशासन के लिए भारी तादाद में मतदान किया है। 

गुड़िया कांड के चलते शिमला से हटे वीरभद्र
उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन का पूरा समय जिला शिमला में गुजारने वाले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को गुड़िया कांड से विरोध के कारण हार के डर से वहां से हटना पड़ा जो उनकी मानसिक तौर पर हार का परिचायक है। उन्होंने देहरा संगठनात्मक जिला की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा इन विधानसभा चुनावों में जिला कांगड़ा में दहाई का आंकड़ा पार कर राज्य में भाजपा सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगदीप डढवाल, सर्वदर्शन शर्मा, डी.एल. बाहड़ी, राजेंद्र राणा, जनक गुलेरिया, रणजीत गुलेरिया व अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।