हरोली भाजपा मंडलाध्यक्ष रविंद्र जसवाल का निधन

Sunday, Feb 21, 2021 - 06:00 PM (IST)

हरोली (संजीव दत्ता): हरोली भाजपा मंडल के अध्यक्ष रविंद्र जसवाल का निधन हो गया है, जिसके चलते पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित गांव में शोक की लहर है। स्वर्गीय रविंद्र जसवाल बड़े ही शांत व मधुरभाषी नेतृत्व के मालिक थे। हाल ही में 17 फरवरी को उन्होने अपने जीवन के 60 वर्ष पूरे किए थे। जन्मदिन के 1 दिन पहले 16 फरवरी को बाद दोपहर घर पर ही उन्हें अचानक ब्रेन हैमरेज का अटैक आया, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए तुरन्त ऊना अस्पताल ले जाया गया। नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार करते हुए उन्हें चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले गए थे। 5 दिन तक जिंदगी व मौत की जंग लड़ते हुए शनिवार रात उनका देहांत हो गया।

रविंद्र जसवाल ने बीडीसी सदस्य रहते हुए जनता का प्रतिनिधित्व भी किया था जबकि लंबे अरसे से भाजपा की विचारधारा से जुड़े होने पर उन्होंने पार्टी के कई अहम पदों पर मंडल से लेकर जिलाध्यक्ष तक की अपनी जिम्मेदारियों को निभाया। उनके निधन पर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता एवं एचपीएसीआईडीसी के उपाध्यक्ष राम कुमार, मंडल के महामंत्री नरेंद्र राणा, महामंत्री गुलविंद्र गोल्डी, हिमकैप्स के चेयरमैन देसराज राणा, पूर्व मंडलाध्यक्ष जसविंद्र गोगा, जगजीत सिंह मनकोटिया, कुलविंद्र राणा, जिला परिषद सदस्य ओंकार नाथ कसाना, जिला परिषद सदस्य कमल सैनी, जिला परिषद सदस्य रमा कुमारी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सतीश ठाकुर, बीडीसी चैयरपर्सन रजनीबाला व पूर्व महामंत्री अर्जुन सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Content Writer

Vijay