गुजरात का CM बदलने पर राठौर ने साधा निशाना, बोले-हिमाचल में भी कई भाजपा नेताओं की CM की कुर्सी पर नजर

punjabkesari.in Sunday, Sep 12, 2021 - 07:39 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने गुजरात के मुख्यमंत्री को बदले जाने पर तीखी प्रतिक्रिया की है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में मुख्यमंत्री उम्मीदों के अनुरूप परफॉर्म नहीं कर पा रहे हैं। इसी के परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री को गुजरात के मुख्यमंत्री को भी हटाना पड़ा है। राठौर रविवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हालांकि मुख्यमंत्री बनाना और हटाना भाजपा का अंदरूनी मसला है लेकिन जिस तरह से कई राज्यों के मुख्यमंत्री बदले जा रहे हैं, उससे कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं, ऐसे में प्रदेश में भी कब उलटफेर हो जाए, उस संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है क्योंकि प्रदेश में भी कई भाजपा नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नजरें लगाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा प्रदेश में आशीर्वाद रैली निकाली गई, ऐसे में कभी भी कुछ भी हो सकता है।

मुख्यमंत्री दिल्ली तो जाते हैं पर हिमाचल के लिए कोई राहत पैकेज नहींं लाते

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में राठौर ने कहा कि सीएम दिल्ली तो जाते हैं लेकिन हिमाचल के लिए कोई राहत पैकेज नहींं ला पाते हैं। ऐसे में उनके दौरे से ज्यादा कोई उम्मीदें नहीं लगाई जा सकती हैं। राठौर ने कहा कि सोमवार को कांग्रेस द्वारा जिला कुल्लू के अंतर्गत एक जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भी मोर्चा खोला जाएगा।

गुटबंदी को नहीं संगठन में कोई स्थान

इससे पूर्व इंटक की बैठक को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि सभी को पार्टी की मजबूती के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन में किसी भी तरह की गुटबंदी बर्दाश्त नहीं होगी। इंटक एकजुट रहे, जैसे पहले देखना को आया था, वैसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समय संघर्ष का है और सभी को मिलकर संघर्ष करना है। राठौर ने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहे कार्यकर्ता की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।

हाईकमान करेगा सीएम का फैसला

राठौर ने बैठक में कहा कि आज प्रश्र यह नहीं है कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर कौन मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि इसका फैसला हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तब बनेगा जब पार्टी पूर्ण बहुमत से सत्ता में आएगी, ऐसे में पार्टी को सत्ता में लाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम पर पार्टी को कमजोर किए जाने के प्रयास बर्दाश्त नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार से आज हर वर्ग दुखी है। कर्मचारी वर्ग हो या किसान-बागवान व अन्य, सरकार सबकी अनदेखी कर रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News