राठौर ने सुक्खू समर्थक को अध्यक्ष पद से हटाया, वीरभद्र समर्थक की ताजपोशी

Tuesday, Jan 22, 2019 - 10:53 PM (IST)

सोलन (नरेश): कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थकों को झटके देने शुरू कर दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निर्वाचन क्षेत्र में कुलदीप राठौर ने सुखविंदर सिंह के सुक्खू के समर्थक की ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद से छुट्टी कर दी है। उनके स्थान पर वीरभद्र सिंह के समर्थक माने जाने वाले रूप सिंह ठाकुर को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव रजनीश किम्टा ने रूप सिंह ठाकुर की ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति का पत्र जारी किया है। इससे स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष की पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ तालमेल बनाकर लोकसभा चुनाव से पूर्व संगठन को मजबूत बनाने की योजना है ताकि लोकसभा चुनाव में पार्टी एकजुटता के साथ चुनाव लड़े। इससे पूर्व सोलन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में पहले ही वीरभद्र समर्थक सरदार सिंह ठाकुर की ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पर नियुक्ति हो चुकी है। सोलन के बाद अर्की में भी उनके समर्थक की नियुक्ति होने से जिला में वीरभद्र खेमा मजबूत हुआ है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष का दावा, पद से नहीं हटाया

इसी बीच ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने दावा किया है कि उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया नहीं गया है। उन्होंने यहां बयान जारी कर कहा है कि नवनियुक्त अध्यक्ष की नियुक्ति के बारे में मुझे कोई सूचना नहीं है और न ही मुझे पद से हटाने की पार्टी की ओर से कोई सूचना मिली है। सोमवार को ही सोलन में मैं ब्लॉक के 20 पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से मिला। हमने संगठन की गतिविधियों सहित अर्की के विकास कार्यों की जानकारी अध्यक्ष को दी। आज सोशल मीडिया के माध्यम से मुझे नवनियुक्त अध्यक्ष की सूचना मिली है लेकिन मुझे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।

नवनियुक्त अध्यक्ष बोले-पार्टी की मजबूती के लिए करेंगे काम

अर्की ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर ने कहा कि वह प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के दिशा-निर्देशानुसार कार्य करेंगे। वह सभी को साथ लेकर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे।

Vijay