कोरोना अपडेट : राठौर ने सोनिया गांधी को वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग से दी हिमाचल की जानकारी

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2020 - 10:45 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रदेश में कोरोना महामारी बारे वस्तुस्थिति से अवगत करवाया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग द्वारा देश के सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों के साथ कोरोना महामारी को लेकर वस्तुस्थिति की पूरी जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता करने के आदेश दिए। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सोनिया गांधी को बताया कि प्रदेश में अभी तक कितने लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे सभी लोगों का इलाज चल रहा है और इनकी स्थिति में सुधार भी हो रहा है।

राठौर ने सोनिया गांधी को बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी इस महामारी पर अपनी पूरी नजर रखते हुए प्रशासन और लोगों की पूरी सहायता कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने प्रदेश में लॉकडाऊन से पहले ही लोगों को इस महामारी के प्रति सचेत करते हुए प्रदेश में सैनिटाइजर और मास्क वितरित किए। कांग्रेस के सभी नेता अपने-अपने स्तर पर राहत कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।

उन्होंने सोनिया गांधी को बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस आपदा सैल का गठन भी किया है, जो प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉकों में लोगों की किसी भी समस्या को दूर करने के लिए प्रभावी ढंग से काम कर रहा है। कांग्रेस ने आपदा प्रबंधन के लिए एक कोष की भी स्थापना की है, जिसमें पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता अंशदान कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News