Himachal: राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने हाथ में कटोरा लेकर विधायकों के लिए एकत्रित किया चंदा, जानें क्या है वजह

punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 07:36 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने सोलन में हाथ में कटोरा लेकर विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर की अगुवाई में कार्यकर्त्ताओं ने मालरोड पर प्रदर्शन के माध्यम से विधायकों के लिए दुकानों में जाकर पैसे एकत्रित किए। इस दौरान सरकार व विपक्ष दोनों के खिलाफ नारेबाजी की गई। विपक्ष व सत्ता पक्ष के लिए अलग-अलग पैसा एकत्रित किया जा रहा था। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश के आपदा प्रभावितों से दोनों पार्टियों के विधायकों को कोई सहानुभूति नहीं है। इसी का परिणाम है कि सरकार ने विधायकों के आवासीय भवन के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी। यह राशि उन परिवारों को जारी होनी चाहिए थी, जिनके इस आपदा में मकान बह गए हैं।
PunjabKesari

रूमित सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के सभी विधायक गरीब हो चुके हैं, ऐसे में उनकी गरीबी दूर करने के लिए पार्टी चंदा एकत्र कर रही है। जो भी चंदा एकत्र होगा उसे डाक के माध्यम से सभी विधायकों को भेजा जाएगा। विधायकों ने अपनी सैलरी बढ़ाई तो इस पर सभी एक मत हो गए। आज तक 5 साल कांग्रेस और 5 साल भाजपा ने हिमाचल में राज किया और जनता को लूटने का काम किया है। अब लोगों के पास राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के रूप में एक तीसरा विकल्प है।

रूमित सिंह ठाकुर ने कहा कि आपदा के दौरान निगम-बोर्डों के अध्यक्षों की सैलरी बढ़ाई गई, जोकि गलत है। आपदा प्रभावितों को तिरपाल तक देने के लिए सरकार के पास पैसा नहीं है। 100 करोड़ रुपए की लागत से विधायकों के लिए मकान बनाने की बात की जा रही है, यदि यही 100 करोड़ आपदा प्रभावित क्षेत्र में लगाया जाता तो लोगों को राहत मिलती। अब यह आंदोलन पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News