रेप पीड़िता ने लगाया आरोप, कहा-एक थाने से दूसरे थाने भगाती रही पुलिस

Tuesday, Sep 04, 2018 - 10:28 PM (IST)

धर्मशाला: मैक्लोडगज थाना के अंतर्गत पड़ते क्षेत्र की महिला के साथ दुष्कर्म मामले में मैडीकल रिपोर्ट में बलात्कार की पुष्टि हो चुकी है। बहरहाल दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मैक्लोडगंज पुलिस ने आरोपी को पकडऩे के लिए जाल बिछा दिया है। वहीं पीड़िता ने पुलिस पर एक थाने से दूसरे थाने भगाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार पीड़िता ने पहले पंचायत के प्रधान के पास जाकर अपनी आप-बीती सुनाई लेकिन पंचायत प्रधान ने इस महिला की बातों पर विश्वास न करते हुए इसे संबंधित थाना में जाने को कहा।

मदद करने की बजाय दौड़ाती रही पुलिस
पीड़िता ने बताया कि जैसे-तैसे वह संबंधित थाना में पहुंचती है तो यहां पर भी उचित कार्रवाई नहीं होती है और महिला थाना का मामला होने की बात कर उसे धर्मशाला स्थित महिला थाना में भेज दिया जाता है। महिला थाने में भी काम ज्यादा होने का हवाला देकर वापस मैक्लोडगंज थाना भेजा जाता है। पीड़िता को इस तरह से इधर-उधर भगाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगाता है। पीड़िता का कहना है कि मदद करने की बजाय पुलिस उसे एक थाने से दूसरे थाने दौड़ाती रही, सोमवार देर शाम मामला दर्ज होता है, जिसमें करीब 9 बजे के आसपास महिला को मैडीकल के लिए धर्मशाला सिविल अस्पताल लाया गया।

क्या बोले एस.पी. कांगड़ा
उधर, एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल से बात की गई तो उन्होंने कहा की महिला पुलिस थाने में इस तरह के केस बहुत ज्यादा हंै और स्टाफ की कमी है इसलिएकेस को जल्द हल करने के लिए मैक्लोडगज पुलिस को भेजा गया था। उन्होंने कहा की ऐसा कोई वजह नहीं थी कि महिला को परेशान किया जाए। उन्होंने कहा की पुलिस आरोपी को ढूंढ रही है और जल्द ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होगा।

Vijay