नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, बनी गर्भवती, प्रसव के बाद नवजात की मौत

Saturday, Jul 07, 2018 - 09:37 PM (IST)

शिमला: राजधानी में दुष्कर्म जैसे मामले थमते नजर नहीं आ रहे हैं। एक बार फिर शिमला में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती बनाने का मामला सामने आया है। यहां तक कि नाबालिग ने अस्पताल लाते समय एक बच्चे को जन्म भी दिया, जिसकी मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक मल्याणा की रहने वाली एक नाबालिग लड़की को शुक्रवार देर शाम का अचानक ही पेट में दर्द हुआ, ऐसे में परिजनों ने उसे आई.जी.एम.सी. पहुंचाया, जहां से उसे कमला नेहरू अस्पताल रैफर कर दिया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही नाबालिग लड़की ने एक बच्चे को जन्म दे दिया, जिसकी मौत हो गई। नाबालिग लड़की की उम्र 16 साल के करीब बताई जा रही है। पीड़ित यहां अपने परिवार के साथ रहती है तथा उक्त परिवार झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है जोकि यहां मजदूरी का काम करता है।


लड़की के रिश्तेदार ने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि लड़की के किसी रिश्तेदार ने इस वारदात को अंजाम दिया है जोकि कुछ समय पहले मल्याणा में ही रहता था। करीब आठ माह पहले उसने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। लड़की ने यह बात परिजनों को डर के मारे नहीं बताई थी, लेकिन जब बीते दिन पेट में दर्द हुआ तो चैकअप के दौरान पता चला कि वह गर्भवती है। इसके बाद लड़की ने आरोपी के बारे में परिजनों को बताया है।


मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि आरोपी अब शिमला से बाहर रहता है। इस संबंध में पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले को लेकर गंभीरता से छानबीन कर रही है। पुलिस उस आरोपी का पता लगा रही है जिसने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किया है। मामले की पुष्टि एस.पी. शिमला ओमापति जम्वाल ने की है।

Vijay