छात्रा से रेप व मर्डर मामले में पहली गिरफ्तारी, एक अन्य हिरासत में

Wednesday, Jul 12, 2017 - 11:16 PM (IST)

शिमला: स्पैशल इन्वैस्टीगेशन टीम (एस.आई.टी.) को एक और कामयाबी हाथ लगी है। बुधवार देर रात एस.आई.टी. ने रेप व मर्डर मामले में कोटखाई क्षेत्र के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुख्ता सूत्रों के अनुसार वीरवार को और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इससे पूर्व दिन में पुलिस ने एक और युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। अब पहली गिरफ्तारी के बाद 5 संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूरा थाना आई.जी. रेंज में तबदील हो गया है, क्योंकि आई.जी. साऊथ रेंज जैड. एच. जैदी खुद थाने में डेरा डाले हुए हैं।

हिरासत में लिए युवकों पर पुलिस को शक
पुलिस को शक है कि हिरासत में लिए युवकों ने दसवीं कक्षा की मासूम छात्रा के साथ पहले रेप किया और फिर निर्मम तरीके से मर्डर किया। पुलिस को शुरू से शक था कि आरोपियों की संख्या 2 या उससे अधिक हो सकती है। टैक्नीकल इनपुट के आधार पर पुलिस ने इन युवकों को हिरासत में लिया है। 4 युवकों के बाद अब पांचवें से पूछताछ चल रही है। एस.आई.टी. हिरासत में लिए गए युवकों की पृष्ठभूमि भी मालूम कर रही है।  

वारदात को जल्द सुलझाएगी एस.आई.टी. 
पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल ने बताया कि एस.आई.टी. वारदात को जल्द सुलझाएगी। इसमें शामिल अधिकारियों को केवल और केवल एक ही कार्य दिया गया है। जब तक केस सुलझ नहीं जाता, ये दूसरा कार्य नहीं करेंगे। एस.आई.टी. को टैक्नीकल इनपुट्स मिले हैं। ये अहम क्लू साबित होंगे। लोग शिमला पुलिस पर भरोसा रखें।