कोटखाई रेप एंड मर्डर केस: आरोपियों को देख फूटा गुस्सा, महिला ने चप्पल से कर दी धुनाई

Saturday, Jul 15, 2017 - 11:48 AM (IST)

शिमला: कोटखाई में छात्रा के साथ गैंगरेप और हत्या मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपियों को देखकर एक महिला का गुस्सा फूट पड़ा और उसने चप्पल से एक आरोपी की धुनाई कर डाली। हमले के बाद महिला ने बताया कि वह भी एक मां की बेटी है। जानकारी के मुताबिक यह वाकया शुक्रवार दोपहर 2 बजे रिपन अस्पताल में सामने आया। उक्त आरोपियों को यहां मैडीकल के लिए लाया गया था। हालांकि इससे पहले आरोपियों को भीड़ से सुरक्षित बचाकर कैसे ले जाना है, इसका प्लान पुलिस ने तैयार कर लिया था। दोपहर डेढ़ बजे ए.एस.पी. भजन देव नेगी और डी.एस.पी. ट्रैफिक रत्न सिंह नेगी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस प्लान के तहत काम कर रही थी। 



पुलिस टीम ने भीड़ को किया दूर
ओ.पी.डी. के चंद कदमों की दूरी पर भीड़ को पुलिस टीम ने हटाकर दूर किया। पुराने एमरजैंसी वार्ड तक भीड़ को हटाकर रास्ता साफ किया गया तो दूसरी ओर सर्जरी ओ.पी.डी. तक लोगों को दूर रहने के निर्देश दिए गए। डी.एस.पी. ट्रैफिक ने जवानों को पोजीशन संभालने के निर्देश दिए। इसी बीच ए.एस.पी. ब्लड बैंक से ओ.पी.डी. तक पहुंचाने वाली सीढ़ियों का मुआयना करके पहुंचे। लोगों को लग रहा था कि शायद इन 2 रास्तों से आरोपियों को ले जाया जाएगा लेकिन पुलिस ने कुछ और ही प्लान बनाया था। पुलिस ब्लड बैंक के रास्ते से सभी आरोपियों को ले जाने वाली थी।



ढके हुए थे आरोपियों के चेहरे
जब आरोपी गाड़ियों से बाहर निकले तो उनके चेहरे ढके हुए थे। इसके बाद सीढ़ियों से आरोपियों को नीचे उतारा गया। किसी को समझ नहीं आया कि यह क्या हुआ। इसी बीच एक महिला बीच में आ गई और उसने चप्पल से एक आरोपी की धुनाई कर दी। बीच बचाव के बाद महिला को शांत किया गया। इस हमले के बाद पुलिस और मुस्तैद हो गई। पुलिस ने आरोपियों को एमरजैंसी गेट के बाहर खड़ी गाड़ियों में बैठाया गया और वहां से ले गई।