टोपी विवाद को लेकर रंजीत ने भाजपा पर साधा निशाना, दिया ये बड़ा बयान

Friday, Sep 15, 2017 - 08:42 PM (IST)

अम्ब: हिमाचल में टोपी की राजनीति की चर्चा हो रही है और बहुत टोपी-टोपी हो रहा है। भाजपा का काम टोपी पहनाना है लेकिन इस बार जनता उसकी टोपी नहीं पहनेगी। यह बात अम्ब में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी एवं सांसद रंजीत रंजन ने कही। उन्होंने कहा कि बोला जा रहा है कि सी.एम. ने टोपी का अपमान किया लेकिन क्या किसी ने उनको कभी टोपी के बिना देखा है? मान-सम्मान टोपी से नहीं, दिल से होता हैै। उन्होंने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राजनीति में 55 साल गुजारे हैं और पार्टी ने उनको काफी कुछ दिया है। केंद्र की भाजपा सरकार साढ़े 3 साल से देश की जनता को टोपी पहनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस के पास सिंगलसी.एम. कैंडीडेट है लेकिन भाजपा के पास 5 हैं। उन्होंने कहा कि पी.एम. मोदी क्यों नहीं रोजे के दिन टोपी पहनते। जिस दिन वह रोजे के दिन टोपी पहनेंगे, उस दिन विपक्ष उन्हें सैल्यूट करेगा। 

क्या अंबानी-अडानी चलाते हैं ट्रैक्टर?
उन्होंने कहा कि कहा जा रहा है कि देश में किसानों पर टैक्स नहीं लगाया जा रहा लेकिन ट्रैक्टर क्या अंबानी-अडानी चलाते हैं? उस पर टैक्स क्यों लिया जा रहा है? जुमले और भाषणों से मोदी ने देश को ठगा है। यू.पी.ए. का 14 फीसदी का बनाया जी.एस.टी. 46 फीसदी कर दिया। उन्होंने कहा कि 34 रुपए का पैट्रोल टैक्स लगा लगाकर 72 रुपए का बेचा जा रहा है। यह लूट किसके लिए की जा रही है? स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है और 700 करोड़ फूंक दिए गए लेकिन केंद्र सरकार सफाई कर्मचारियों की 36 करोड़ रुपए की वेतन अदायगी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि आज इंटरनैट गांव-गांव तक पहुंचाने की बात हो रही है लेकिन पार्लियामैंट का इंटरनैट स्लो से तेज नहीं हो पा रहा है। बुलेट ट्रेन की बात की जा रही है लेकिन साधारण रेल की दुर्घटनाएं रोकी नहीं जा रही हैं। करोड़ों खाने वाले माल्या को देश से भगा दिया गया।

कुलदीप कुमार को मिलेगा टिकट
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विधायक कुलदीप कुमार की तारीफों के पुल बाधते हुए खुले मंच से घोषणा करते हुए कहा कि कुलदीप कुमार की आदत है कि नेकी कर कुएं में डाल जबकि ये बातें कम और काम ज्यादा करते हैं। इसी कारण इस बार भी टिकट कुलदीप कुमार को ही मिलेगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिला ऊना के साथ-साथ अम्ब विकास की और अग्रसर है।