पाटिल ने मंच से किया ऐलान, बोलीं-कांग्रेस में हो सकती है निष्कासित कार्यकर्ताओं की वापसी

Saturday, Jul 14, 2018 - 08:37 PM (IST)

सोलन: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि जिन लोगों को पिछले विधानसभा चुनावों को विभिन्न कारणों के चलते पार्टी से निष्कासित किया गया था वे पार्टी में वापसी के लिए 31 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। उनके आवेदन पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल में कांग्रेस एकजुट है और पार्टी लोकसभा चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कांग्रेस विधायक दल नेता मुकेश अग्निहोत्री व पार्टी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की घेराबंदी करते हुए कहा कि भाजपा बार-बार झूठ का जोर-जोर से प्रचार करके उसे सच साबित करके जनता को गुमराह करने का कार्य करती है लेकिन कुछ दिनों बाद जनता को समझ आता है कि वह ठगी जा चुकी है।

मोदी की मार्कीटिंग स्टैट्रजी जबरदस्त है
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मार्कीटिंग स्टैट्रजी जबरदस्त है वह जुमलेबाजी से जनता को गुमराह कर लेते हैं लेकिन पिछले 4 साल में जनता मोदी व शाह की जुमलेबाजी को पहचान चुकी है और अब इसमें नहीं फंसेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय केंद्र की मोदी सरकार ने देश में अघोषित एमरजैंसी लगा रखी है। सोलन में आयोजित कांग्रेस के कार्यकत्र्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वायदा किया था, लेकिन साढ़े 4 साल में 10 लाख नौकरियां भी नहीं दे सकी। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं को कहा कि वे मोदी सरकार से उस हर वायदे का जवाब मांगें जिसमें उन्होंने जनता को अच्छे दिन दिखाने का वायदा किया था।

सी.एम. जयराम भले आदमी, रिटायरमैंट पर बैठे कुछ अधिकारी कर रहे गुमराह
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि वे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भला आदमी समझते हैं लेकिन रिटायरमैंट पर बैठे कुछ अधिकारी उनको गुमराह करके उनसे गलत कार्य करवा रहे हंै ताकि अधिकारी रिटायरमैंट के बाद एक्सटैंशन हासिल कर सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए कार्य करने की अपील भी की। उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा कि कांग्रेस में चाहे सुक्खू के कार्यकर्ता हों या फिर किसी और के वे सब मेरे अपने कार्यकर्ता हैं। गुटबाजी पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग फूट डालकर अपने काम करवाने के लिए इसे बढ़ावा देते हैं। ऐसे लोग खुशामद करने के आदी होते हैं।


सी.एम. ने 3 पूर्व विधायकों के खिलाफ मामले दर्ज करवा डाले
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाकर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा 3 पूर्व विधायकों पर मामला दर्ज करने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की घेराबंदी की। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर कहते थे कि उनकी सरकार बदले की भावना से कार्य नहीं करेगी लेकिन 6 महीने में ही उनके इन शब्दों की सांसें टूट गईं और उन्होंने 3 पूर्व विधायकों के खिलाफ मामले दर्ज करवा डाले। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि इससे कांग्रेस डरने वाली नहीं है। राजनीतिक प्रतिशोध से किए हुए कार्योंका डटकर मुकाबला होगा और सरकार को मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा।

भाजपा के ही अपने कार्यकर्ता सरकार से संतुष्ट नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के ही अपने कार्यकर्ता सरकार से संतुष्ट नहीं हंै। उन्होंने कहा कि सोलन व मंडी में सरकार ने राखी सावंत का नाच नचवाकर हिमाचल की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि एक ओर आर.एस.एस. वैलेंटाइन-डे का विरोध करती है तो दूसरी ओर ऐसे कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि सरकार के इशारे पर खली के शो के लिए उद्योगों से पैसे एकत्र किए गए। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री सोलन व मंडी में इस शो में क्यों नहीं आए। क्यों सरकार के अन्य मंत्रियों से इस कार्यक्रम से किनारा किया।

गुटबाजी की बात मंच से नकारी पर लगते रहे नारे
पार्टी के सभी नेता मंच से पार्टी में गुटबाजी की बात नकारते रहे लेकिन बीच-बीच में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थन में नारेबाजी होती रही। इसे देखते हुए पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल का मंच से यह तक कहना पड़ा कि हिमाचल ऐसा पहला राज्य देख रही है यहां पर इस प्रकार से नारे लग रहे हंै। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं को सलाह दी कि वे कांग्रेस, सोनिया या फिर राहुल गांधी के ही नारे लगाएं।

सम्मलेन में कटीं कांग्रेसियों की जेबें
सम्मेलन में करीब आधा दर्जन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की जेबें भी कटीं। पार्टी के जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर, पूर्व ब्लाक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रमेश ठाकुर, बघाट बैंक के पूर्व अध्यक्ष अरुण शर्मा व पार्षद पुनीत सहित अन्य कार्यकत्त्र्ताओं की जेबों पर जेबकतरों ने हाथ साफ कर डाला। इन नेताओं ने बताया कि जब वे पार्टी के आला नेताओं का स्वागत कर रहे थे तो उसी समय उनकी जेबें कटी हैं। उन्होंने इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए और कहा कि पुलिस को भीड़ देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखने चाहिए थे।

Vijay