Himachal: वन विभाग में भ्रष्टाचार का खेल बेनकाब! विजिलेंस ने ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा रेंज ऑफिसर
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 06:30 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): यमुना नदी से रेत उठाने के मामले में दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी देकर 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में भगानी फोरैस्ट रेंज में तैनात रेंज ऑफिसर सुमंत को विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को पांवटा साहिब में सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई को डीएसपी जिला सिरमौर विजिलेंस रमाकांत ठाकुर की अगुवाई में अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार भगानी निवासी इकराम पुत्र इकबाल, जो पेशे से मजदूर है, ने इस संबंध में विजिलेंस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरओ सुमंत ने उसके बहनोई जुल्फान को यमुना नदी से रेत उठाने के मामले में दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी दी थी। आरोप है कि ट्रैक्टर जब्त करने की कार्रवाई से बचाने के एवज में अधिकारी ने 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले में कार्रवाई की रणनीति तैयार की। इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने पांवटा साहिब में ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मुस्तैद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। मामले में विजिलेंस थाना नाहन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एसपी विजिलेंस दक्षिण रेंज एनके शर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि 3 नवंबर को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई सफल रही है और मामले की आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

