रंग लाई धावक सुनील शर्मा की मुहिम, दो जिंदगियों के बचने की जगी आस

Sunday, Mar 19, 2017 - 10:39 AM (IST)

नाहन (सतीश शर्मा): दो जिंदगियां बचाने को ग्रेट इंडिया रन फेम सुनील शर्मा की शुरू की मुहिम सिरे चढ़ती नजर आ रही है। धावक सुनील शर्मा ने ग्रेट सिरमौर रन के जरिए ऊना की डिंपल और नाहन के धनवीर को नई जिंदगी देने के लिए करीब 3 लाख की राशि जुटा ली है और उम्मीद जताई है कि दानी सज्जनों के माध्यम से जल्द ही करीब 5 लाख रुपए जुटा लिए जाएंगे। जिससे दोनों का इलाज हो पाएगा।


दोनों मरीजों की मदद के लिए राज्य सरकार ने भी आगे बढ़ाए हाथ
सुनील की इस पहल के बाद अब राज्य सरकार ने भी दोनों मरीजों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। सीएम राहत कोष से नाहन के धनवीर को करीब पौने तीन लाख रुपए की मदद मिली है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी सुनील को आश्वासन दिया है कि सरकार उनके साथ है। उल्ल्खनीय है कि डिंपल और धनवीर की किडनी ट्रांसप्लांट होनी है। दोनों परिवारों की गरीबी को देखते हुए मदद करने के लिए धावक सुनील शर्मा ने फरवरी में ग्रेट सिरमौर रन शुरू की। इस दौरान सुनील ने जहां 2 दिनों तक करीब 150 किलोमीटर की दौड़ लगाई वहीं करीब एक महीने तक विभिन्न स्थानों पर जाकर भी लोगों से मदद मांगी। सुनील के इस प्रयास से अब दोनों ही परिवारों को मदद मिल पा रही है।