रणधीर शर्मा बोले-लोकसभा चुनाव में 2014 का इतिहास दोहराएगी भाजपा

Wednesday, Oct 17, 2018 - 06:59 PM (IST)

बिलासपुर: भाजपा हिमाचल प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव में 2014 का इतिहास दोहराएगी और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें जीत कर केंद्र में भाजपा सरकार बनाने में अहम भूमिका अदा करेगी। यह बात बिलासपुर में श्रीनयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कृतत्व के दम पर तथा बूथ स्तर तक अपने मजबूत संगठन के सहारे भाजपा कांग्रेस को चारों खाने चित्त करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस अनेक गुटों में विभाजित हो चुकी है और उनकी प्रदेश प्रभारी के आने से गुटबाजी और बढ़ी है।

सरकार की उपलब्धियां देख कांग्रेस नेता बौखलाए
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां देख कांग्रेस पार्टी के नेता बौखला गए हैं और बौखलाहट में तथ्यहीन बयानबाजी करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल भाजपा सरकार ने 70 वर्ष से ऊपर और 70 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले लोगों को आय सीमा की शर्त हटाकर बढ़ी हुई 1300 रुपए प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पैंशन देनी शुरू की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित कार्यकत्र्ताओं को भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश गौतम, जिला विस्तारक अनिल कौशल, मंडलाध्यक्ष कैप्टन चौधरी राम ठाकुर, महामंत्री प्रेम सिंह व सतदेव ने भी संबोधित किया।

Vijay