रणधीर शर्मा ने बताया भाजपा संगठन का दूसरा रूप, कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

Saturday, Apr 24, 2021 - 05:21 PM (IST)

ऊना (अमित): भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने शनिवार को ऊना मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए सेवा को भाजपा संगठन का दूसरा रूप बताया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जब काेराेना संक्रमण के चलते देशभर में लॉकडाऊन लगा था तब भी भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर से लेकर मंडल स्तर तक जनता के हितों को देखते हुए फील्ड में डटकर काम किया था। वहीं अब जब संक्रमण की दूसरी लहर लगातार बढ़ती जा रही है, ऐसे समय में भी भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उसी सेवा भाव से भाजपा के कार्यकर्ता जनता के हित में काम कर रहे हैं।

रणधीर शर्मा ने कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रदेश सरकार को लगातार यू-टर्न वाली सरकार कहने के आरोपों पर भी करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संक्रमण की दूसरी लहर के बीच परिस्थितियां लगातार बदलती जा रही है, ऐसे में सरकार भी जनता के हितों को देखते हुए लगातार फैसलों में बदलाव कर रही है। प्रदेश सरकार जनता के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। लोगों को इस जानलेवा संक्रमण से बचाने के लिए ही नीतियों में बदलाव करके नए दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं लेकिन कांग्रेस के नेता ऐसी विकट परिस्थिति में भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं जाेकि हिमाचल प्रदेश के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बात है।

उन्हाेंने हैलीकॉप्टर मामले पर कांग्रेस द्वारा की जा रही बयानबाजी को उसकी हताशा का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ट्राईबल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करने का प्रबंध कर रही है लेकिन प्रदेश की कांग्रेस इस मामले में भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही। कांग्रेस के नेता अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन हासिल करने के लिए किसी भी ऐसे मुद्दे को तूल देने बैठ जाते हैं, जिसका कोई औचित्य ही नहीं होता।

Content Writer

Vijay