रणधीर ने साधा निशाना, कहा-सरकार जमानत पर और पुलिस प्रशासन जेल में बंद

Friday, Sep 01, 2017 - 01:58 AM (IST)

बिलासपुर: प्रदेश सरकार जमानत पर और पुलिस प्रशासन जेल में बंद है। ऐसे हालातों में प्रदेश की कानून व्यवस्था का अंदाजा सहजता से लगाया जा सकता है। यह बात भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं श्री नयनादेवी जी के विधायक रणधीर शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि गुडिय़ा मामले में सी.बी.आई. द्वारा प्रदेश के आला पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार करने से भाजपा के आरोप सच साबित हो रहे हैं। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में घटित वन रक्षक होशियार सिंह की मौत, कुल्लू की प्रवासी बच्ची से रेप व हत्या व मंडी के धर्मपुर में हुए बलात्कार के मामलों से प्रदेश सरकार पर सवालिया निशान लगना शुरू हो गए हैं। प्रदेश में हत्याओं को आत्महत्याओं का नाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने कत्र्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रही है। उन्होंने पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर पर तथ्यहीन बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।