रणधीर का आनंद शर्मा पर पलटवार, कहा- हिमाचल के लिए करवाए काम की उपलब्धि गिनवाएं

Sunday, May 13, 2018 - 11:03 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता आनंद शर्मा पर पलटवार किया है। उन्होंने आनंद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह केंद्र में मंत्री रहते हुए अपने कार्यकाल की एक उपलब्धि गिनवाकर बताए। उन्होंने आरोप लगाया कि वह जब केंद्र में मंत्री थे, तो पूर्व अटल बिहारी वाजपेयी सरकार की तरफ से हिमाचल प्रदेश को दिया गया विशेष औद्योगिक पैकेज छीना। रणधीर ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सिर्फ झूठी बयानबाजी करने तक सीमित हैं, उनके पास हिमाचल प्रदेश में अपने कार्यकाल के दौरान कोई भी कार्य गिनवाने के लिए नहीं है। 


शर्मा यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं में झूठ बोलने की प्रतियोगिता चली है। इसके तहत यदि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कम झूठ बोलते हैं, तो कांग्रेस विधायक दल के नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उससे बड़ा झूठ बोलने के लिए आगे आते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व की जंग चली है, जिस कारण नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार पर कीचड़ उछालने का काम कर रहे हैं। 


रणधीर ने कहा कि केंद्र सरकार के 4 साल पर भाजपा जश्न मनाएगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि केंद्र और प्रदेश में अधिकांश समय जब उनकी पार्टी सत्ता में रही, उस दौरान की गई अपनी कारगुजारियों के लिए पश्चाताप करे। उन्होंने प्रदेश में अवैध कब्जों के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने कसौली हत्याकांड की घटना को दुखद बताया, लेकिन कहा कि इसके बाद आरोपी को पकड़ा गया है, जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को तब्दील किया गया। इसके अलावा मंडलायुक्त शिमला को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुड़िया जैसे मामलों के आरोपियों को पूर्व सरकार बचाने का प्रयास करती रही।

Ekta