राणा ने साधा निशाना, बोले-वायदों की हकीकत व स्थिति स्पष्ट करे भाजपा

Sunday, Jun 24, 2018 - 09:03 PM (IST)

सुजानपुर: विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री व भाजपा नेताओं को वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान देश की जनता से किए गए वायदों को लेकर हकीकत व स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। रविवार को जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि क्या यह सच नहीं है कि लोकसभा चुनावों से पहले अपनी जनसभाओं में मोदी ने विदेशों से काला धन वापस लाकर हर देशवासी के अकाऊंट में 15 लाख रुपए डालने की बात कही थी। क्या यह भी सच नहीं है कि मोदी ने केंद्र में भाजपा सरकार के बनने पर 100 दिन के भीतर महंगाई को खूंटे पर बांधने का दावा किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या मोदी ने देश के युवाओं से यह वायदा नहीं किया था कि हर साल 2 करोड़ युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यह भी स्पष्ट करें कि चुनावों के दौरान भाजपा नेतृत्व ने देश के किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलवाने का सपना नहीं दिखाया था।


देश के कितने लोगों के बैंक खातों में आए 15-15 लाख
उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा नेताओं से यह जानना चाहती है कि उसके साथ चुनावों में किए गए वायदे पूरे क्यों नहीं हुए। उन्होंने कहा मोदी सरकार अभी तक यह नहीं बता पाई है कि देश के कितने लोगों के बैंक खातों में वायदे के अनुसार 15-15 लाख रुपए जमा करवा दिए गए हैं और देश के कितने नौजवानों को मोदी सरकार ने नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता यह भी जानना चाहती है कि पूर्व यू.पी.ए. सरकार के कार्यकाल में जो गैस सिलैंडर 400 रुपए में मिलता था वह आज 800 रुपए में क्यों मिल रहा है और जो पैट्रोल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 55 रुपए प्रति लीटर था वह आज 80 रुपए से अधिक कीमत पर क्यों बिक रहा है।


आत्महत्या के लिए क्यों मजबूर है देश का किसान
उन्होंने कहा कि जनता यह भी जानना चाहती है कि देश का किसान आज भी आत्महत्या के लिए क्यों मजबूर है और मोदी सरकार के 4 साल के शासन में देश में सर्वाधिक किसानों ने आत्महत्या क्यों की है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने समाज के हर वर्ग के साथ छल किया है और लोगों को सब्जबाग दिखाकर उनके सपने तोड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता आज भी जुमलेबाजी और झूठ का सहारा लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन जनता अब भाजपा नेताओं की हकीकत समझ गई है और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को उसकी वायदाखिलाफी के लिए जनता करारा सबक सिखाने को तैयार बैठी है।

Vijay